ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी पर अमृतसर में धमाकों की धमकी, चप्पे-चप्पे पर पुलिस, अर्धसैनिक बलों की 11 कंपनियां तैनात
ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी के मौके पर आतंकवादियों ने अमृतसर को दहलाने की धमकी दी है। धमकी भरा ई मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। पूरे अमृतसर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात की गई है। इसके अलावा अर्धसैनिक बलों की 11 कंपनियां भी तैनात हैं।

अमृतसर में 6 जून को ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने शहर में हाई अलर्ट घोषित करते हुए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है। ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी से पहले अमृतसर में बम धमाकों की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। ई-मेल में तीन से पांच जून के दौरान नगर निगम कार्यालयों, मेयर कार्यालयों और जिला अदालतों में विस्फोट की धमकी दी गई है, जबकि छह जून को रेलवे स्टेशनों और रेलवे पटरियों पर बम और हैंड ग्रेनेड हमला करने की चेतावनी दी गई है। लोगों को रेल यात्रा न करने की भी चेतावनी दी गई है। धमकी को देखते हुए शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी ली जा रही है और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
बुधवार को पंजाब पुलिस के विशेष डीजीपी प्रवीण सिन्हा ने अमृतसर पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
सीमा पार से गड़बड़ी की फिराक में हैं देश विरोधी ताकतें
उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस ने इस बार भी व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा योजना तैयार की है। पूरे अमृतसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा ग्रिड स्थापित किया गया है, जिसमें विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया गया है। पंजाब पुलिस के अलावा सीमा सुरक्षा बल, त्वरित कार्रवाई बल और अन्य केंद्रीय सुरक्षा बलों की कुल 11 कंपनियां अमृतसर और आसपास के जिलों में तैनात की गई हैं। इसके साथ ही अमृतसर शहर में 2000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ-साथ श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा जा रहा है, ताकि किसी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण तथा व्यवस्थित ढंग से संपन्न हों।
स्पेशल डीजीपी ने कहा कि अमृतसर अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट स्थित होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। कुछ असामाजिक और राष्ट्रविरोधी तत्व पंजाब के शांतिपूर्ण माहौल को प्रभावित करने का प्रयास कर सकते हैं, लेकिन पंजाब पुलिस ऐसी हर गतिविधि पर पूरी तरह नजर रखे हुए है।
6 जून तक रोजाना फ्लैग मार्च
अमृतसर पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह फ्लैग मार्च 6 जून तक जारी रहेगा। शहर के प्रमुख बाजारों, पुराने शहर के इलाकों, गोल्डन टेंपल और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा है। शहर में लगातार गश्त, नाकेबंदी और वाहनों की जांच की जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जा सके।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेखक के बारे में
Upendra Thapakउपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


