
पंजाब में दलित सम्मान पर सियासी घमासान, कांग्रेस के खिलाफ AAP का 'बैंड-बाजे' के साथ प्रदर्शन
आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में कांग्रेस की दलित-विरोधी बयानबाजी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजा साथ लेकर प्रदर्शन किया और यह संदेश दिया कि दलित समाज के सम्मान से अब कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पंजाब में सियासी माहौल गरमाया हुआ है। कांग्रेस नेताओं के कथित दलित-विरोधी बयानों ने एक बार फिर विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा द्वारा कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ पर 'पहले बैंड बजाता था' जैसी टिप्पणी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग की 'गर्दन मरोड़ने' वाली कथित धमकी ने दलित समाज की भावनाओं को आहत किया है। AAP ने इसे पूरे दलित भाईचारे का अपमान बताते हुए कांग्रेस की 'दलित-विरोधी मानसिकता' को बेनकाब कर दिया। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कड़ा ऐतराज जताया और कांग्रेस से 24 घंटे में माफी की मांग की, लेकिन चुप्पी के बाद AAP ने चंडीगढ़ में भारी विरोध प्रदर्शन किया।
अभी तक नहीं मांगी गई माफी
पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि दलितों का अपमान करना कांग्रेस की पुरानी आदत बन चुकी है। उन्होंने मांग की कि प्रताप सिंह बाजवा और कांग्रेस पार्टी 24 घंटे के अंदर माफी मांगे। लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी जब कांग्रेस की ओर से कोई माफी नहीं आई, तो आम आदमी पार्टी और भड़क उठी। आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में कांग्रेस की दलित-विरोधी बयानबाजी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैंड-बाजा साथ लेकर प्रदर्शन किया और यह संदेश दिया कि दलित समाज के सम्मान से अब कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने आप कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन से पानी की बौछारें कीं, लेकिन इसके बावजूद आप का विरोध जारी रहा।
इस पूरे मामले पर वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने साफ शब्दों में कहा कि कांग्रेस नेताओं ने सरदार हरभजन सिंह साहब का नहीं, बल्कि उनके काम, उनकी कम्युनिटी और पूरे दलित भाईचारे का मजाक उड़ाया है। आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस को अल्टीमेटम दिया था कि वह इस दलित-विरोधी मानसिकता पर माफी मांगे, लेकिन कांग्रेस की खामोशी ने उसकी नीयत और नीति दोनों को बेनकाब कर दिया है।
राजा वडिंग और राहुल गांधी को मांगनी चाहिए माफी
आम आदमी पार्टी का साफ कहना है कि अगर कांग्रेस में थोड़ी भी शर्म बाकी है, तो राजा वडिंग और राहुल गांधी दोनों को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। आगे कहा गया कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग द्वारा एक दलित मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को 'गर्दन मरोड़ने' जैसी धमकी देने का आरोप सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि कांग्रेस की उस सोच का आईना है जो दलित नेतृत्व को बर्दाश्त नहीं कर पाती। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने खुद अपनी पार्टी की बैठक में कहा था कि पंजाब में दलितों की आबादी 35-38 प्रतिशत होने के बावजूद कांग्रेस के शीर्ष पदों पर 'ऊंची जाति' के लोग काबिज हैं।
बता दें कि कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कैबिनेट मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को लेकर कहा कि वह पहले बैंड बजाता रहा है। इस पूरे घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने ट्वीट कर कहा कि पंजाब कांग्रेस के नेता लगातार दलित समाज का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने राजा वडिंग की धमकी, प्रताप बाजवा की टिप्पणी और कांग्रेस के पुराने बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच ही दलित-विरोधी है। अनुराग ढांडा ने साफ कहा कि अगर कांग्रेस में थोड़ी भी शर्म बची है, तो राजा वडिंग और राहुल गांधी को दलित समाज से तुरंत माफी मांगनी चाहिए।

लेखक के बारे में
Devendra Kasyapदेवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।
देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।
मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।
और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




