
मनीष सिसोदिया पर कांग्रेस ने की FIR की मांग, बोली- लड़ाई-झगड़ा के लिए तैयार वाला बयान भड़काऊ
संक्षेप: कांग्रेस मुखर हो गई है और मनीष सिसोदिया के खिलाफ केस दर्ज करने की भी मांग कर रही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह जीती ने कहा कि मनीष सिसोदिया का बयान लोकतंत्र को कमतर करने वाला है। इसके अलावा चुनावी प्रक्रिया में भी धांधली को बढ़ावा देता है।
पंजाब के मोहाली जिले की कांग्रेस यूनिट ने आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। उकसावे वाला भाषण देने का आरोप लगाते हुए सिसोदिया के खिलाफ यह मांग की गई है। कांग्रेस की जिला कमेटी का आरोप है कि मनीष सिसोदिया ने उकसाने वाला और कानून तोड़कर काम करने की अपील वाला भाषण दिया है। जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह जीती और अन्य कांग्रेस नेताओं ने जिलाधिकारी और एसएसपी को ज्ञापन देकर यह मांग की है। अधिकारियों से मिलकर ज्ञापन देने वाले नेताओं में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू भी शामिल थे।

आम आदमी पार्टी की पंजाब यूनिट से जुड़े एक कार्यक्रम में मनीष सिसोदिया ने चुनाव का जिक्र किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था कि 2027 का चुनाव आ रहा है। हमें तैयारी करनी है। उन्होंने कहा, '2027 का चुनाव जीतने के लिए साम, दाम, दंड, भेद, सच, झूठ, सवाल-जवाब, लड़ाई-झगड़ा, जो करना पड़ेगा, करने के लिए तैयार हैं? पूरे जोश के साथ?' उनके इस सवाल पर AAP कार्यकर्ताओं ने हां में जवाब दिया था। इस पर सिसोदिया ने कहा- बहुत अच्छा। उनके इस बयान पर काफी विवाद हुआ है। यहां तक कि AAP की पंजाब यूनिट के नेता अमन अरोड़ा ने भी उनके बयान को गलत बताया और कहा कि पार्टी की लाइन इससे अलग है।
अब इसी मामले में कांग्रेस मुखर हो गई है और मनीष सिसोदिया के खिलाफ केस दर्ज करने की भी मांग कर रही है। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह जीती ने कहा कि मनीष सिसोदिया का बयान लोकतंत्र को कमतर करने वाला है। इसके अलावा चुनावी प्रक्रिया में भी धांधली को बढ़ावा देता है। लड़ाई-झगड़ा और जो करना होगा करेंगे जैसी बात करके उन्होंने सामाजिक सौहार्द भी बिगाड़ने की कोशिश की है। इसलिए सिसोदिया के खिलाफ ऐक्शन लिया जाना जरूरी है। बता दें कि मनीष सिसोदिया का बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ है।
कांग्रेस लीडर बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि ऐसे बयान देकर सिसोदिया ने सीधे-सीधे आप कार्यकर्ताओं को हिंसा के लिए उकसाया है। ऐसा कहना कई प्रावधानों के तहत दंडनीय है। हम मांग करते हैं कि सिसोदिया के खिलाफ एफआईआर हो। नेताओं ने कहा कि इस वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जाए और उसके बाद सख्त ऐक्शन हो।

लेखक के बारे में
Surya Prakashलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




