पंजाब में परविंदर हत्याकांड पर भारी उबाल, शहर का बॉर्डर सील; कई हिरासत में
ड्रग्स के खिलाफ काम करने वाले एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड को लेकर खासा बवाल शुरू हो गया है। एक ओर जहां विपक्षी दल आप सरकार पर आरोप लगा रहे हैं। वहीं, मानसा में बड़े स्तर पर धरना शुरू हो गया है।

पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। हत्याकांड के विरोध में मानसा शहर बंद कर दिया गया है। परिजनों और सिख संगठन धरने पर बैठे हैं और अंतिम संस्कार से भी इंकार कर दिया है। धरने में शामिल होने के लिए और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए पंजाब के अलग-अलग गांवों में अनाउंसमेंट करके लोगों को मानसा पहुंचने की अपील की जा रही है। वहीं पुलिस प्रशासन ने लोगों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मानसा जिले के बॉर्डर को सील करते हुए पुलिस कर्मी तैनात कर दिए हैं ताकि ज्यादा लोग ना पहुंच पाएं।
मानसा में चल रहे धरने में शामिल होने जा रहे दाखा के विधायक मनप्रीत सिंह अयाली और उनके 50 से अधिक समर्थकों को बुधवार को लुधियाना ग्रामीण पुलिस ने हलवारा में रोककर हिरासत में ले लिया। अकाली दल वारिस पंजाब दे के मालवा जोन प्रभारी अयाली के साथियों को पुलिस द्वारा बसों में बैठाकर रायकोट की तरफ किसी अज्ञात स्थान पर ले जाए जाने की जानकारी सामने आई है।
घटना के बाद हलवारा चौक पर पुलिस बल की तैनाती रही। धरने में शामिल होने जा रहे लोगों को हिरासत में लिए जाने की खबरों के बीच पुलिस की इस कार्रवाई ने मामले को और गरमा दिया है।
आप सरकार पर विपक्षी दल हमलावर
इस हत्या की विपक्षी दलों ने भी व्यापक निंदा की और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी सरकार पर कानून-व्यवस्था बिगड़ने का आरोप लगाया। विपक्षी दलों ने भगवंत मान सरकार पर जंगल राज का आरोप लगाते हुए नशा विरोधी आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर सवाल उठाए। वहीं, कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने बुधवार सुबह परविंदर सिंह झोटा के निवास का दौरा किया। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने मांगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने कहा कि पंजाब में नशे के विरोध में सामाजिक रूप से कार्य करने वाले एक कार्यकर्ता की जिस प्रकार से जघन्य हत्या की गई है, ये बहुत ही गंभीर बात है। यह कानून-व्यवस्था की विफलता है।, जहां दवा के नाम पर नशा बेचने वाले माफिया के मंसूबे इतने बढ़ चुके हैं कि वो आवाज उठाने वाले लोगों को गोली मारकर चुप कर देना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि हमने पंजाब में आतंकवाद के दौर में कई जानें खोई हैं। ये नशे का दौर भी उसी स्थिति में पंजाब को ले जाने के लिए आ गया है। हमने डीजीपी और चीफ सेक्रेटरी को नोटिस दिया है और उनसे विस्तृत रिपोर्ट मांगी है लेकिन ये अराजकता की निशानी है कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को गोली मार दी जा रही है।
रिपोर्ट: मोनी देवी

