कनाडा से डिपोर्ट होकर भारत आया लॉरेंस बिश्नोई का 'खास', दिल्ली एयरपोर्ट पर पंजाब पुलिस ने दबोचा

लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़
share

कनाडा से डिपोर्ट होकर भारत पहुंचे लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य करमवीर सिंह को पंजाब पुलिस ने दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया है। फिलहाल आगे की कार्रवाई जारी है

Lawrence Bishnoi
पंजाब पुलिस के कब्जे में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करमवीर सिंह

कनाडा से डिपोर्ट होकर भारत पहुंचे कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी करमवीर सिंह को पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया। उसे कनाडा से डिपोर्ट किए जाने के बाद भारत लाया गया था। करमवीर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े नेटवर्क के लिए काम करता था। उस पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को भारत से फरार होने में मदद करने का आरोप है। पंजाब पुलिस ने उसके खिलाफ पहले ही लुक आउट सर्कुलर जारी कर रखा था। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पर यह जानकारी दी।

बताया जाता है कि अनमोल बिश्नोई अमेरिका में कर्मवीर के घर पर भी रुका था। उसके रहने, छिपने और दूसरी जरूरी व्यवस्थाओं में कर्मवीर ने उसकी मदद की थी। इसी वजह से पंजाब पुलिस की जांच में उसका नाम सामने आया और उसके खिलाफ एसएएस नगर के स्टेट क्राइम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। अमेरिका पहुंचने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों को वह पनाह देता था। इसके साथ ही वह गैंग के सदस्यों को कानूनी मदद भी उपलब्ध कराता था। अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के खिलाफ जब एफबीआई ने कार्रवाई शुरू की, तो कर्मवीर देओ कनाडा शिफ्ट हो गया था।

कई मामलों में नामजद है आरोपी

करमवीर सिंह को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस की एजीटीएफ ने 3 सितंबर 2026 को उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था। उसके भारत आने पर सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी मिल गई। इसके बाद जब उसे कनाडा से डिपोर्ट कर दिल्ली के एयरपोर्ट लाया गया तो एजीटीएफ पंजाब की टीम ने उसे हिरासत में ले लिया। करमवीर सिंह का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जुड़े मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि करमवीर सिंह किन-किन लोगों के संपर्क में था और विदेश में रहते हुए वह गैंगस्टर नेटवर्क के लिए किस तरह काम कर रहा था।

पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि विदेशों से संचालित हो रहे गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी। विदेश में छिपे या वहां से आपराधिक गतिविधियों को संचालित करने वाले वांछित आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट: मोनी देवी

Devendra Kasyap

लेखक के बारे में

Devendra Kasyap

देवेन्द्र कश्यप पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। अगस्त 2025 से वह लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं। संस्थान की होम टीम का वह एक अहम हिस्सा हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर उनकी पैनी नजर रहती है। वायरल कंटेंट के साथ-साथ लीक से हटकर और प्रभावशाली खबरों में उनकी विशेष रुचि है।

देवेन्द्र ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत वर्ष 2013 में महुआ न्यूज से की। करियर के शुरुआती दौर में उन्होंने बिहार की राजधानी पटना में रिपोर्टिंग की। इस दौरान राजनीति के साथ-साथ क्राइम और शिक्षा बीट पर भी काम किया। इसके बाद उन्होंने जी न्यूज (बिहार-झारखंड) में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2015 में ईनाडु इंडिया के साथ डिजिटल मीडिया में कदम रखा। इसके बाद राजस्थान पत्रिका, ईटीवी भारत और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में कार्य किया।

मूल रूप से बिहार के भोजपुरी बेल्ट रोहतास जिले के रहने वाले देवेन्द्र कश्यप ने अपनी प्रारंभिक और उच्च शिक्षा पटना से प्राप्त की। उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में स्नातक की डिग्री हासिल की और MCU भोपाल से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रवास कर रहे हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsपंजाब न्यूज़कनाडा से डिपोर्ट होकर भारत आया लॉरेंस का 'खास', एयरपोर्ट पर पुलिस ने दबोचा