Hindi Newsपंजाब न्यूज़Husband murdered wife in Amritsar couple came from Austria to celebrate Lohari
लोहड़ी मनाने ऑस्ट्रिया से इंडिया आए, पति ने होटल में पत्नी को मार डाला; चरित्र पर शक बनी वजह

लोहड़ी मनाने ऑस्ट्रिया से इंडिया आए, पति ने होटल में पत्नी को मार डाला; चरित्र पर शक बनी वजह

संक्षेप:

अमृतसर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक कोर्ट रोड स्थित एक होटल के कमरे में एनआरआई महिला की हत्या कर दी गई। उसके पति ने ही वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया।

Jan 12, 2026 11:02 pm ISTDeepak Mishra लाइव हिन्दुस्तान, चंडीगढ़
share Share
Follow Us on

अमृतसर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक कोर्ट रोड स्थित एक होटल के कमरे में एनआरआई महिला की हत्या कर दी गई। उसके पति ने ही वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया। कपल ऑस्ट्रिया में रहता था और लोहड़ी मनाने पंजाब आया था। मृतका की पहचान प्रभजोत कौर के रूप में हुई है, जो करीब एक सप्ताह पहले अपने पति के साथ अमृतसर आई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में महिला के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान मिले हैं।

घुमाने की बात कह होटल ले जाकर हत्या
मनदीप सिंह ढिल्लों अपनी पत्नी प्रभजोत कौर के साथ कोर्ट रोड स्थित होटल किंग्ज रूट में ठहरा था। सोमवार को होटल स्टाफ ने कमरे से लंबे समय तक कोई हलचल न होने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो प्रभजोत कौर का खून से सना शव कमरे में पड़ा मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। गुरदासपुर के गांव वड़ैच की रहने वाली प्रभजोत कौर की शादी सात वर्ष पहले अमृतसर जिले के जेठुवाल गांव के रहने वाले मनदीप सिंह ढिल्लों से हुई थी। मृतका के भाई लवप्रीत सिंह ने बताया कि विवाह के बाद दोनों ऑ​स्ट्रिया चले गए थे, जहां उन्हें पीआर मिल गया था। इसी दौरान मनदीप को प्रभजोत के चरित्र पर शक होने लगा, जिसके कारण दोनों के बीच अकसर झगड़े होते रहते थे। लवप्रीत ने कहा कि सोमवार को मनदीप बहन को यह कहकर ले गया कि वे घूमने जा रहे हैं लेकिन बाद में होटल ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई। प्रभजोत सात महीने के एक बच्चे की मां थी।

पोस्टमॉर्टम से होगा मौत के कारणों का खुलासा
मृतका के पिता मक्खन सिंह ने कहा कि शादी के शुरुआती वर्षों में सब ठीक था, लेकिन बाद में आपसी अनबन बढ़ने लगी थी। पिता ने आरोप लगाया कि बेटी की बेरहमी से हत्या की गई है और दोषी को सख्त सजा मिलनी चाहिए। एसीपी लखविंदर सिंह कलेर ने बताया कि दोपहर 1:30 बजे डायल 112 पर होटल में महिला की लाश मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोनों में काफी समय से विवाद चल रहा था। परिवार के बयान और परिस्थितियों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी मनदीप सिंह ढिल्लो की तलाश में पुलिस रेड कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
(रिपोर्ट: मोनी देवी)

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra
दीपक मिश्र मीडिया इंडस्ट्री में करीब 17 साल का अनुभव रखते हैं। खेल, सिनेमा और राजनीति पर प्रमुखता से काम किया है। खासतौर पर खेल की खबरों से जुनून की हद तक मोहब्बत है। 2011 में क्रिकेट वर्ल्ड कप और 2014 में फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप प्रमुखता से कवर कर चुके हैं। फोटोग्राफी और मोबाइल वीडियो स्टोरी के साथ-साथ पॉडकास्ट में विशेष रुचि रखते हैं। दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट के साथ काम करते हुए कई वीडियो स्टोरीज पर काम किया। इसी दौरान आईपीएल पर पॉडकास्ट के साथ एक अन्य पॉडकास्ट ‘शहर का किस्सा’ भी कर चुके हैं। पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई के बाद आज अखबार के साथ पत्रकारिता की शुरुआत हुई। इसके बाद दैनिक जागरण-आई नेक्स्ट और पत्रिका अखबार में काम किया है। आई नेक्स्ट की डिजिटल विंग में काम करते हुए कई नए और रोचक प्रयोग किए। लाइव हिन्दुस्तान में चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;