चंडीगढ़ में केमिस्ट शॉप में कैशियर को गोलियां से भूना, एक सेकंड में मारी 13 गोलियां
चंडीगढ़ के सेक्टर-11 जैसे सुरक्षित और व्यस्त इलाके में हुई इस खुलेआम फायरिंग से पूरी मार्केट और आसपास के लोगों में भारी दहशत फैल गई है। इसी सेक्टर के सामने पीजीआई है, जहां रोजाना हजारों लोग इलाज के लिए आते हैं।

चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-11 की मार्केट में एक नामी मेडिकल स्टोर में घुसकर हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बदमाशों ने दुकान के काउंटर पर बैठे कैशियर को गोलियों से भून दिया। उसे एक सेकंड में 13 गोलियां मारी गईं। हमले में कैशियर जानकी राम की मौत हो गई है। वह मूलरूप से हिमाचल के रोहडू के रहने वाले थे और मृतक जानकी राम की पत्नी ने हिमाचल में सरपंच का चुनाव जीता था। पुलिस रंजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है जिसमें इस हत्याकांड की जिम्मेदारी गोल्डी बराड और गोल्डी ढिल्लों की ओर से लिए जाने की बात कही गई है।
फायरिंग का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस वारदात को अंजाम देने के लिए कुल तीन बदमाश एक एक्टिवा पर सवार होकर सेक्टर-11 की मार्केट पहुंचे थे। तीन में से दो हथियारबंद बदमाश कुमार केमिस्ट स्टोर के अंदर घुसे। दोनों ने चेहरे पर मास्क लगाए थे। एक बदमाश बाहर एक्टिवा पर ही मौजूद था। फुटेज में नकाबपोश प्वाइंट ब्लैंक पिस्टल से गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि दवाई की दुकान में काउंटर पर बैठे व्यक्ति के ऊपर ऑटोमेटिक गन से 1 सेकंड में 13 गोलियां चलाई गईं। इसके बाद दुकान के अंदर अफरातफरी मच गई। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। खास ये है कि जहां ये घटना हुई, उसके सामने मुख्य सड़क पर ही पुलिस का नाका लगा था। बदमाश आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
खुलेआम फायरिंग से लोगों में दहशत
चंडीगढ़ के सेक्टर-11 जैसे सुरक्षित और व्यस्त इलाके में हुई इस खुलेआम फायरिंग से पूरी मार्केट और आसपास के लोगों में भारी दहशत फैल गई है। इसी सेक्टर के सामने पीजीआई है, जहां रोजाना हजारों लोग इलाज के लिए आते हैं। लोग घटना से सहमे हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस के आला अधिकारी और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और हमलावरों की पहचान के लिए मेडिकल स्टोर और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस की टीम छानबीन और जांच में जुट गई हैं। सूत्रों का कहना है कि मृतक का हिमाचल प्रदेश में किसी विवाद को लेकर पहले भी झगड़ा हुआ था और उसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है। हालांकि पुलिस को इस वारदात में गैंगस्टर कनेक्शन की संभावना है। वारदात के बाद वायरल हुई पोस्ट की चंडीगढ़ पुलिस जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Niteesh Kumarपत्रकार नीतीश कुमार 8 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की कवरेज कर चुके हैं। फिलहाल लाइव हिन्दुस्तान के लिए नेशनल और इंटरनेशनल सेक्शन की खबरें लिखते हैं। पत्रकार नीतीश कुमार को ब्रेकिंग न्यूज लिखने के साथ खबरों का गहराई से विश्लेषण करना पसंद है। राजनीति से जुड़ी खबरों पर मजबूत पकड़ और समझ रखते हैं। समसामयिक राजनीतिक मुद्दों पर कई सारे लंबे लेख लिख चुके हैं। पत्रकार नीतीश कुमार ने पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन किया। पत्रकार नीतीश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। फिल्में देखना और रिव्यू करना व उन पर चर्चा करना हॉबी है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


