गैंगस्टरों पर भगवंत मान सरकार का कड़ा प्रहार, 72 घंटों में 3260 आरोपी गिरफ्तार

Feb 12, 2026 08:55 pm ISTUpendra Thapak लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

पंजाब की मान सरकार ने राज्य में पल रहे गैंगस्टरों पर कड़ी कार्रवाई करना शुरू कर दी है। ऑपरेशन प्रहार 2 के तहत पंजाब पुलिस ने हजारों लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें से 3260 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

गैंगस्टरों पर भगवंत मान सरकार का कड़ा प्रहार, 72 घंटों में 3260 आरोपी गिरफ्तार

पंजाब में गैंगस्टरों की कमर तोड़ने के लिए मान सरकार ने 'गैंगस्टरां ते वार' मुहिम की शुरुआत की है। इस मुहिम के तहत शुरू किए गए ऑपरेशन प्रहार-2’ के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब पुलिस ने पिछले 72 घंटों में वांछित अपराधियों से संबंधित 8278 ठिकानों पर छापेमारी की। इस ऑपरेशन के दौरान पूरे राज्य में कुल 7,498 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें से 3260 को गिरफ्तार किया गया है।

पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि वांछित अपराधियों को पकड़ने के लिए 72 घंटे का ऑपरेशन प्रहार-2 शुरू किया गया था। पंजाब पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस कार्रवाई की अगुवाई के लिए व्यक्तिगत रूप से विभिन्न पुलिस जिलों का दौरा किया, जिसमें 12,000 कर्मचारियों वाली 2,000 से अधिक पुलिस टीमें शामिल थीं। डीजीपी ने कहा कि ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक पंजाब पूरी तरह से गैंगस्टर मुक्त नहीं हो जाता।

तीन दिनों तक चले इस ऑपरेशन के परिणामों के बारे में जानकारी देते हुए, स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (स्पेशल डीजीपी) कानून एवं व्यवस्था अर्पित शुक्ला ने बताया कि पूरे राज्य में कुल 7,498 व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें से 3260 को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में 135 फरार अपराधी (पीओ) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमों ने उनके कब्जे से 47 हथियार, 4.8 किलोग्राम हेरोइन, 3.6 किलोग्राम अफीम, 42,797 नशीली गोलियां, 68 किलोग्राम भुक्की और 30 लाख रुपये की ड्रग मनी भी बरामद की है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा, पुलिस टीमों ने 1,450 व्यक्तियों को एहतियातन हिरासत में लिया, जबकि 2,788 व्यक्तियों को जांच के बाद रिहा कर दिया गया।

डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि 72 घंटे चले इस ऑपरेशन ने उम्मीदों से अधिक उद्देश्य हासिल किए हैं और ‘गैंगस्टरां ते वार’ मुहिम तब तक जारी रहेगी, जब तक पंजाब पूरी तरह से गैंगस्टरों से मुक्त नहीं हो जाता।

लोग गुप्त रूप से एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर- 93946-93946 के माध्यम से वांछित अपराधियों/गैंगस्टरों की रिपोर्ट कर सकते हैं और किसी भी प्रकार के अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना/जानकारी भी साझा कर सकते हैं।

इस दौरान, पुलिस टीमों ने नशों के खिलाफ अपनी मुहिम ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध को 347वें दिन भी जारी रखते हुए आज 164 नशा तस्करों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से 11.9 किलोग्राम हेरोइन, 344 नशीली गोलियां/कैप्सूल और 4700 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। इसके साथ ही, केवल 347 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 49,129 हो गई है। ‘डी-एडिक्शन’ के हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने आज 14 व्यक्तियों को नशा छुड़ाने और पुनर्वास के लिए राजी किया है।

Upendra Thapak

लेखक के बारे में

Upendra Thapak

उपेंद्र ने डिजिटल पत्रकारिता की शुरुआत लाइव हिन्दुस्तान से की है। पिछले एक साल से वे होम टीम में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर कार्यरत हैं। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024, ऑपरेशन सिंदूर और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की कवरेज की है। पत्रकारिता की पढ़ाई भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC), नई दिल्ली (बैच 2023-24) से पूरी करने वाले उपेंद्र को इतिहास, अंतर्राष्ट्रीय संबंध, राजनीति, खेल, विज्ञान और समसामयिक घटनाओं से जुड़े विषयों में गहरी रुचि है। स्नातक स्तर पर बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई करने के कारण उन्हें मेडिकल और वैज्ञानिक विषयों की भाषा की भी अच्छी समझ है। वे मूल रूप से मध्यप्रदेश के भिंड जिले के निवासी हैं।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsपंजाब न्यूज़Bhagwant Mann government cracks down on Punjab gangsters arrests 3260 people in 72 hours
;;;