
दिल्ली ब्लास्ट के बाद अब पंजाब में ISI समर्थित ग्रेनेड अटैक मॉड्यूल का पर्दाफाश, 10 गिरफ्तार
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कुलदीप सिंह, शेखर सिंह और अजय सिंह उर्फ अजय के विरुद्ध थाना जोधेवाल में एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी और डीसीपी की निगरानी में विशेष टीमें गठित की गईं।
दिल्ली बम ब्लास्ट घटना के बाद अब पंजाब को दहलाने की बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट ने विदेशी हैंडलरों से जुड़े 10 मुख्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर आईएसआई समर्थित ग्रेनेड हमला गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी। इसके पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ है। मलेशिया में बैठे कुछ हैंडलरों ने आईएसआई की मदद से पंजाब में दहशत फैलाने की साजिश रची थी। उनके मंसूबों को अंजाम देने के लिए पंजाब की विभिन्न जेलों में बंद कैदी हमलों की योजना बना रहे थे। इस ग्रेनेड अटैक मॉड्यूल का पता चलने के बाद पूरे पंजाब में चौकसी और बढ़ा दी गई है। हालांकि दिल्ली में आतंकी घटना के बाद से पूरे पंजाब में पहले से ही रेड अलर्ट जारी है।
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कुलदीप सिंह, शेखर सिंह और अजय सिंह उर्फ अजय के विरुद्ध थाना जोधेवाल में एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीसीपी (जांच) और डीसीपी (सदर) की निगरानी में विशेष टीमें गठित की गईं, जिन्होंने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि जांच में मलेशिया-आधारित विदेशी मास्टरमाइंड अजय उर्फ अजय मलेशिया, जस्स बहबल और पवनदीप की पहचान की गई है। ये सभी मलेशिया में एक साथ रहते हैं और पंजाब में अमरीक सिंह और परमिंद्र उर्फ चिड़ी से संपर्क में थे, जो पहले उनके लिए नशीले पदार्थों की तस्करी का काम करते थे। जांच के दौरान अजय (मलेशिया) के भाई विजय, जो गंगानगर जेल में एन.डी.पी.एस. अधिनियम के तहत बंद था, को भी इस मामले में सहयोगी की भूमिका निभाने के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। आगे जांच में स्थानीय नेटवर्क का भी खुलासा हुआ, जिसमें सुखजीत सिंह, सुखविंद्र सिंह, करणवीर सिंह और साजन उर्फ सानू शामिल हैं, जिन्होंने पंजाब में हैंड ग्रेनेड की डिलीवरी में मदद की थी। इन सभी को अलग-अलग जेलों से प्रोडक्शन वारंट पर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधियां (निरोधक) अधिनियम (यू.ए.पी.ए.) की धाराएं लगाई गई हैं और विदेशों में सक्रिय आरोपियों के विरुद्ध रैड कॉर्नर नोटिस जारी किए गए हैं।
घनी आबादी वाले इलाकों में करना था ग्रेनेड हमला
पुलिस टीमों ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से चीन में निर्मित 86पी हैंड ग्रेनेड, ब्लैक किट और ग्लव्स का एक सेट भी बरामद किया है। इससे पहले भी पंजाब पुलिस इसी तरह के कई हैंड ग्रेनेड बरामद कर चुकी है। पुलिस की अब तक की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी हैंड ग्रेनेड के पिकअप और डिलीवरी को कोऑर्डिनेट करने के लिए मलेशिया में मौजूद तीन ऑपरेटिव्स के जरिये पाक-बेस्ड हैंडलर्स के संपर्क में थे। हैंडलर्स ने इन्हें राज्य में अशांति फैलाने के लिए आबादी वाले इलाके में ग्रेनेड हमला करने का काम सौंपा था। आने वाले दिनों में अधिक गिरफ्तारियां और बरामदगियां होने की संभावना है। डी.जी.पी. ने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है ताकि सभी अंतर्राष्ट्रीय और स्थानीय संबंधों का पता लगाया जा सके।
रिपोर्ट- मोनी देवी

लेखक के बारे में
Madan Tiwariलखनऊ के रहने वाले मदन को डिजिटल मीडिया में आठ साल से अधिक का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में यह दूसरी पारी है। राजनीतिक विषयों पर लिखने में अधिक रुचि है। नेशनल, इंटरनेशनल, स्पोर्ट्स, यूटीलिटी, एजुकेशन समेत विभिन्न बीट्स में काम किया है। लगभग सभी प्रमुख अखबारों के संपादकीय पृष्ठ पर 200 से अधिक आर्टिकल प्रकाशित हो चुके हैं। खाली समय में लॉन टेनिस खेलना पसंद है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




