Hindi Newsपंजाब न्यूज़AAP MLA from Amritsar North Kunwar Vijay Pratap Singh suspended from party for 5 years
मजीठिया की गिरफ्तारी पर सवाल उठाना AAP विधायक को पड़ा भारी, पार्टी से 5 साल के लिए सस्पेंड

मजीठिया की गिरफ्तारी पर सवाल उठाना AAP विधायक को पड़ा भारी, पार्टी से 5 साल के लिए सस्पेंड

संक्षेप:

कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बिक्रम सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा, 'जब मजीठिया 2022 में नशा मामले में जेल में थे, तब मान सरकार ने न तो उनसे पूछताछ की, न ही चालान पेश किया और बाद में उन्हें जमानत मिल गई।'

Jun 29, 2025 03:23 pm ISTNiteesh Kumar लाइव हिन्दुस्तान, मोनी देवी
share Share
Follow Us on

पूर्व आईपीएस अधिकारी और अमृतसर नॉर्थ से आम आदमी पार्टी के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह को 5 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया के खिलाफ विजिलेंस कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी पर सवाल उठाए थे। पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति ने यह कठोर कदम कुंवर विजय प्रताप की पार्टी विरोधी गतिविधियों और पंजाब सरकार की ड्रग्स के खिलाफ मुहिम में बाधा डालने के आरोपों के चलते उठाया है। मजीठिया को 25 जून को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने अमृतसर में उनके घर से गिरफ्तार किया था। मजीठिया पर 540 करोड़ रुपये से अधिक की ड्रग मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने का आरोप है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें
ये भी पढ़ें:दो-तीन दिन में पंजाब कैबिनेट में फेरबदल, राज्यपाल से मिले सीएम भगवंत मान
ये भी पढ़ें:'एक देश-एक पति' के बाद भगवंत मान का नया हमला, कहा- जंग जीतने के बाद सरकार को...

कुंवर विजय प्रताप ने मजीठिया के खिलाफ विजिलेंस कार्रवाई और उनकी गिरफ्तारी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि मजीठिया जेल में थे तब पंजाब सरकार ने कोई पूछताछ नहीं की और उनकी जमानत में सहायता की लेकिन अब अचानक कार्रवाई शुरू करना सवाल उठाता है। उन्होंने सोशल मीडिया पर मजीठिया की पत्नी के साथ विजिलेंस टीम की बहस का वीडियो साझा करते हुए सरकार की कार्रवाई को अनुचित बताया था। इस मुद्दे को उठाने से आम आदमी पार्टी को अपनी कार्रवाई पर जवाब देना भी मुश्किल हो गया था। उन्होंने गिरफ्तारी के तरीकों को लेकर के भी पार्टी की नियत पर सवाल खड़े किए थे। इसे पार्टी ने अनुशासनहीनता माना और राजनीतिक मामलों की कमेटी ने कड़ा कदम उठाते हुए कुंवर विजय प्रताप को 5 साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया।

मजीठिया पर कार्रवाई को लेकर उठाया था सवाल

कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बिक्रम सिंह मजीठिया की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा, 'जब मजीठिया 2022 में नशा मामले में जेल में थे, तब मान सरकार ने न तो उनसे पूछताछ की, न ही कोई चालान पेश किया और बाद में उन्हें जमानत मिल गई। बरगाड़ी बेअदबी मामले में भी न्याय के समय सरकार ने आरोपियों के परिवार से समझौता कर लिया। मैं मजीठिया से पहले भी असहमत था और आगे भी रहूंगा, लेकिन परिवार की इज्जत सभी की साझी होती है, चाहे वह नेता हो या अभिनेता, अमीर हो या गरीब, दोस्त हो या विरोधी। सुबह-सुबह किसी के घर पर रेड डालना नीति के विरुद्ध है। लगभग हर आने वाली सरकार ने पुलिस और विजिलेंस का अपने हित में दुरुपयोग किया है, लेकिन इसका कोई स्पष्ट नतीजा सामने नहीं आया। मैं किसी से राजनीतिक मतभेद रख सकता हूं, वैचारिक अंतर हो सकता है, लेकिन जब बात नीति, धर्म और परोपकार की हो तो उस पर चर्चा करना आवश्यक हो जाता है।'

AAP आखिर क्या देना चाहती है संदेश

आम आदमी पार्टी ने विजय प्रताप सिंह पर कार्रवाई कर अपने सभी सदस्यों, वर्करों, सांसदों और विधायकों को कड़ा संदेश दिया है कि पार्टी विरोधी किसी गतिविधि को स्वीकार नहीं किया जाएगा। नशे के खिलाफ पार्टी का अभियान किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा और अगर कोई इस कैंपेन में राजनीतिक रूप से दखल देगा या विरोध करेगा तो बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कुंवर विजय प्रताप को अभी पार्टी से सस्पेंड किया गया है और उनकी विधायकी बनी रहेगी। पार्टी की ओर से उन्हें अपना पक्ष रखने और अपना रवैया सुधारने का मौका दिया जाएगा। अगर सुधार नहीं हुआ तो पार्टी की ओर से उनके खिलाफ इससे ज्यादा सख्त एक्शन लिया जा सकता है।

Niteesh Kumar

लेखक के बारे में

Niteesh Kumar
नीतीश 7 साल से अधिक समय से मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। जनसत्ता डिजिटल से बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर शुरुआत हुई। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने से पहले टीवी9 भारतवर्ष और दैनिक भास्कर डिजिटल में भी काम कर चुके हैं। खबरें लिखने के साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का शौक है। लाइव हिन्दुस्तान यूट्यूब चैनल के लिए लोकसभा चुनाव 2024 की कवरेज कर चुके हैं। पत्रकारिता का पढ़ाई IIMC, दिल्ली (2016-17 बैच) से हुई। इससे पहले दिल्ली यूनिवर्सिटी के महाराजा अग्रसेन कॉलेज से ग्रैजुएशन किया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रहने वाले हैं। राजनीति, खेल के साथ सिनेमा में भी दिलचस्पी रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।