Hindi Newsफोटोखेलऑस्ट्रेलिया में IND vs AUS के वनडे मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन वाले बल्लेबाज; रोहित शर्मा, विराट कोहली का जलवा

ऑस्ट्रेलिया में IND vs AUS के वनडे मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन वाले बल्लेबाज; रोहित शर्मा, विराट कोहली का जलवा

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रोहित शर्मा ने शानदार छाप छोड़ी है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में रोहित शर्मा ने 73 रन और तीसरे मैच में नाबाद 121 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरे के साथ वह ऑस्ट्रेलिया में उसके खिलाफ वनडे मुकाबलों में 1000 रन बनाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बने।

Chandra Prakash PandeySat, 25 Oct 2025 03:54 PM
1/5

रोहित शर्मा

ऑस्ट्रेलिया के इस दौरे से पहले रोहित शर्मा ने कंगारुओं के खिलाफ उनकी धरती पर वनडे में 19 मैच में 990 रन बनाए थे। पर्थ में हुए पहले वनडे में वह नाकाम रहे थे और सिर्फ 8 रन बनाए थे। गुरुवार को दूसरे वनडे में जैसे ही उन्होने अपना दूसरा रन बनाया, वह ऑस्ट्रेलिया में उसके खिलाफ 1000 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। एडिलेड में रोहित शर्मा ने बहुत संभलकर धीमी शुरुआत की लेकिन एक बार आंख जम जाने पर उन्होंने कई अच्छे शॉट भी लगाए। वह 73 रन बनाकर मिचेल स्टार्क की गेंद पर जोश हेजलवुड के हाथों कैच आउट हुए। शनिवार को सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में तो रोहित शर्मा शुरू से ही बहुत कंट्रोल में नजर आए। भारत को जीत के लिए 237 रन का लक्ष्य मिला था और रोहित शर्मा ओपनिंग करने आए तो टीम को जिताकर ही लौटे। उन्होंने 125 गेंदों में नाबाद 121 रन की पारी खेली। विराट कोहली के साथ उन्होंने वनडे में 12वीं शतकीय साझेदारी की। अपनी पारी के दौरान रोहित शर्मा ने 13 चौके और 3 छक्के जड़े। वह ऑस्ट्रेलिया में खेले गए भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के वनडे मैचों में दोनों टीमों को मिलाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अब तक 22 वनडे मैच में 1192 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 171 रन रहा है।

2/5

विराट कोहली

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआती दोनों वनडे में खाता खोलने में नाकाम रहे विराट कोहली ने सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में अपना फॉर्म हासिल कर लिया। अपने वनडे इंटरनेशनल करियर में पहली बार लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने शनिवार को तीसरे वनडे में किंग के अंदाज में वापसी की। उन्होंने 81 गेंदों में नाबाद 74 रन ठोके। इस दौरान उन्होंने 7 चौके जड़े। विराट कोहली ने रोहित शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 170 गेंदों में नाबाद 168 रन की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया में भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया के वनडे मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 876 रन बनाए हैं।

3/5

सचिन तेंदुलकर

लिस्ट में तीसरे नंबर पर महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में उसके खिलाफ 25 वनडे मैचों में 740 रन बनाए हैं। इसमें 1 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया में उसके खिलाफ वनडे में सचिन तेंदुलकर का सर्वोच्च स्कोर 117 रन है।

4/5

एमएस धोनी

लिस्ट में चौथे नंबर पर भी भारतीय बल्लेबाज हैं और वो हैं- महेंद्र सिंह धोनी। धोनी ने ऑस्ट्रेलिया में उसके खिलाफ 21 वनडे मैच खेले हैं और उनमें 5 अर्धशतकों की मदद से 684 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 87 रन रहा है।

5/5

स्टीव स्मिथ

लिस्ट में पांचवें नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ हैं। टॉप 5 की लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के वह इकलौते बल्लेबाज हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भारत के खिलाफ 11 वनडे मैचों में 683 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 1 अर्धशतक जड़े हैं और उनका बेस्ट स्कोर 149 रन रहा है।