रोहित शर्मा इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय ओपनर बन गए हैं। उनके खाते में फिलहाल 15787 रन हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन के बाद वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड तोड़ा। रोहित ने सीरीज में कुल 201 रन जोड़े। वह प्लेयर ऑफ सीरीज चुने गए। 'हिटमैन' की तीसरे मैच में शतकीय पारी (नाबाद 121) की बदौलत भारत ने मेजबान ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से रौंदा। उन्होंने प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड भी जीता।

पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग लिस्ट में दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। उन्होंने अपने करियर में बतौर ओपनर 15758 रन जुटाए। वहीं, सहवाग ने 1999 से 2013 तक कुल 17253 रन बनाए।

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने अपने करियर में ओपनर के रूप में 15335 रन जोड़े। वैसे, सचिन इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक 34357 रन बनाने वाले क्रिकेटर हैं। वह 1989 से 2013 तक भारत के लिए खेले।

पूर्व दिग्गज सुनील गावस्कर ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 12258 रन जुटाए। वह इंटनेशनल क्रिकेट में 1971 से 1987 एक्टिव रहे। गावस्कर ने इस दौरान कुल 13214 रन बनाए।

फेहरिस्त में पांचवें नंबर पर शिखर धवन हैं। उन्होंने 10867 रन बटोरे। धवन अपने करियर में भारत के लिए सिर्फ सलामी बल्लेबाज के रूप में ही खेले। उन्होंने पिछले साल संन्यास लिया।
