
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अमेरिका के खिलाफ कमाल की बल्लेबाजी की। उन्होंने संकट के समय 49 गेंदों में 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन बनाए। 13वें ओवर में भारत का स्कोर छह विकेट पर 77 रन हो गया था और टीम बुरी तरह लड़खड़ा गई थी। हालांकि, सूर्यकुमार ने अकेले दम पर पारी को संभाला और भारत को 161/9 के चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने अमेरिका को 29 रनों से धूल चटाकर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।

2/5शैडली वान शाल्कविक ने अमेरिका के लिए शानदार गेंदबाजी की। दक्षिण अफ्रीका में जन्में शाल्कविक ने चार ओवर में 25 रन देकर चार शिकार किए। उन्होंने ईशान किशन (20), तिलक वर्मा (25), शिवम दुबे (0) और अर्शदीप सिंह का विकेट झटका। अमेरिका ने पावरप्ले में 46 रन देकर चार विकेट लिए, जिससे टीम इंडिया की सांसें अटक गई थीं। ओपनर अभिषेक शर्मा (0) ने अली खान की गेंद पर सीधे डीप कवर पर कैच थमाया। भारत के कुल 6 प्लेयर दहाई अंक में नहीं पहुंचे।

3/5हर्षित राणा के चोटिल होने की वजह से भारतीय स्क्वॉड में आए तेज गेंदबाद मोहम्मद सिराज ने सबसे छोटे फॉर्मेट में शानदार कमबैक किया। जुलाई 2024 के बाद पहली बार भारत के लिए टी20 मैच खेलने वाले सिराज ने चार ओवर में 29 रन खर्च किए और सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए। उन्होंने ओपनर एंड्रीस गौस (6) और सैतेजा मुक्कमल्ला (2) का शिकार किया, जिससे अमेरिकी टीम उबर नहीं सकी। सिराज ने शुभम रंजने (37) को अपने जाल में फंसाया

4/5उपकप्तान अक्षर पटेल और तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के हिस्से में दो-दो विकेट आए। स्पिन ऑलराउंडर अक्षर ने चार ओवर के स्पेल में 24 रन दिए। उन्होंने कप्तान सूर्यकुमार के साथ सातवें विकेट के लिए 41 रनों की अहम साझेदारी भी की। वहीं, अर्शदीप ने अपने स्पेल में महज 18 रन दिए। स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने 24 रन देने के बाद एक शिकार किया। अमेरिका ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन जुटाए।

5/5अमेरिकी ओपनर्स के सस्ते में लौटने और कप्तान मोनांक पटेल के शून्य पर आउट होने के बाद मिलिंद कुमार और संजय कृष्णमूर्ति ने टिककर बैटिंग की। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 58 रनों की साझेदारी की। यह साझेदारी वरुण ने 12वें ओवर में मिलिंद को पवेलियन भेजकर तोड़ी। उन्होंने 34 गेंदों में 34 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का है। संजय ने 31 गेंदों में 37 रन बटोरे। उन्होंने एक चौका और दो छक्के मारे। संजय को अक्षर ने 16वें ओवर में आउट किया।
