1/5वनडे क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज सेंचुरी ठोकने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है। भारत के स्टार बल्लेबाज कोहली ने 2013 में जयपुर के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के सामने 52 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए थे। उन्होंने आठ चौके और सात छक्के लगाए। कोहली का यह रिकॉर्ड 12 सालों से बरकरार है। वह 2013 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 61 गेंदों में भी सेंचुरी लगा चुके हैं। कोहली फिलहाल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हैं। भारत और ऑस्ट्रेलिया तीन मैचों की वनडे सीरीज में आमने-सामने हैं।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे तेज वनडे सेंचुरी लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में हेनरिक क्लासेन दूसरे नंबर पर हैं। साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज क्लासेन ने 2023 में 57 गेंदों में शतक पूरा किया था। उन्होंने सेंचुरियन के मैदान पर 83 गेंदों में 13 चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 174 रनों की पारी खेली थी। क्लासेन ने इस साल जून में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया।

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर एलेक्स हेल्स ने 2018 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच में 62 गेंदों में शतक कंप्लीट किया था। हेल्स ने नॉटिंघम के मैदान पर 92 गेंदों में 147 रन जुटाए थे। उनके बल्ले से 16 चौके और 5 छक्के निकले थे।

न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज क्रेग मैकमिलन ने 2007 में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 67 गेंदों में सेंचुरी लगाई थी। उन्होंने हैमिल्टन में 96 गेंदों में 117 रनों की पारी खेली थी, जिसमें 13 चौके और 5 छक्के शामिल हैं।

फेहरिस्त में पांचवें नंबर पर वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड हैं। उन्होंने साल 2012 में कंगारू टीम के सामने 69 गेंदों में शतक जमाया था। पोलार्ड ने ग्रोस आइलेट में 70 गेंदों में 102 रन जोड़े थे। उन्होंने 5 चौके और आठ सिक्स मारे।
