भारतीय टेस्ट कप्तान शुभमन गिल ने एजबेस्टन टेस्ट में 269 रनों की पारी खेली। इसी के साथ वह टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में 7वें पायदान पर पहुंच गए हैं। बता दें, गिल बतौर कप्तान भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी हैं। आईए एक नजर पूरी लिस्ट पर डालते हैं।
वीरेंद्र सहवाग के नाम भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी 319 रनों की पारी खेलने का रिकॉर्ड है। उन्होंने यह कारनामा 2008 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ करके दिखाया था। इससे पहले वह 2004 में पाकिस्तान के खिलाफ तिहरा शतक जड़ चुके थे। सहवाग भारतीय टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में दो तिहरा शतक जड़ने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं।
भारत के लिए सबसे बड़ी टेस्ट पारी खेलने वाले खिलाड़ियों की टॉप-10 लिस्ट में वीरेंद्र सहवाग का नाम चार बार दर्ज है। दो तिहरे शतक लगाने के अलावा सहवाग ने श्रीलंका के खिलाफ 2009 में 293 और 2006 में पाकिस्तान के खिलाफ 254 रन बनाए थे।
लंबे समय बाद भारतीय टेस्ट टीम में वापसी कर रहे करुण नायर के नाम भी तिहरा शतक है। 2016 में इस बल्लेबाज ने इंग्लैंड के खिलाफ नाबाद 303 रनों की पारी खेली थी। वह लिस्ट में तीसरे पायदान पर हैं।
पूर्व कप्तान विराट कोहली इस लिस्ट में 8वें पायदान पर हैं। उन्होंने 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 254 रनों की नाबाद पारी खेली थी। गिल से पहले कोहली ही बतौर कप्तान भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले खिलाड़ी थे।
'क्रिकेट के भगवान' कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका में 248 रनों की नाबाद पारी खेली थी। सचिन 250 रन से मात्र 2 रन दूर थे और द्रविड़ ने पारी घोषित कर दी थी। सचिन लिस्ट में 10वें पायदान पर हैं।
द वॉल के नाम से मशहूर भारतीय पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ 270 रनों की पारी के साथ लिस्ट में 6ठे नंबर पर है। उन्होंने यह पारी पाकिस्तान के खिलाफ 2004 में खेली थी।
मयंक अग्रवाल ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ इंदौर टेस्ट में 330 गेंदों में 243 रन की पारी खेली थी। वह इस लिस्ट में 11वें नंबर पर हैं। भारत के लिए दोहरा शतक जड़ने के बावजूद मयंक अब भारतीय सेटअप का हिस्सा नहीं है। उन्होंने टीम इंडिया के लिए सिर्फ 21 टेस्ट ही खेले हैं। उन्होंने आखिरी मौका श्रीलंका के खिलाफ 2022 में मिला था।
वीरेंद्र सहवाग और करुण नायर से पहले भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड वीवीएस लक्ष्मण के नाम थे। उन्होंने 2001 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स टेस्ट में 281 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी।