Hindi Newsफोटोखेलस्मृति मंधाना तोड़ रहीं रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड; ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तो बल्ला उगल रहा आग

स्मृति मंधाना तोड़ रहीं रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड; ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तो बल्ला उगल रहा आग

महिला वनडे विश्व कप के एक मैच में रविवार को ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से हरा दिया। भारत ने 330 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने उसे हासिल कर लिया। इस मैच में भारत की तरफ से स्मृति मंधाना ने सबसे ज्यादा 80 रन बनाए थे।

Chandra Prakash PandeyOct 13, 2025 11:58 am IST
1/6

नए इतिहास रचतीं स्मृति मंधाना

विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद भारतीय टीम जीत नहीं सकी लेकिन अच्छी बात ये रही कि टीम की शीर्ष क्रम की बल्लेबाज चाहें मंधाना हो या प्रतीका रावल या हरलीन देओल; फॉर्म में लौट आई हैं। लगातार दो हार के बाद अब टीम इंडिया की कोशिश बाकी मैचों में शानदार प्रदर्शन से सेमीफाइनल का टिकट पक्का करने की होगी। स्मृति मंधाना की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 80 रन की पारी से उन्होंने इतिहास रच दिया।

2/6

एक कैलेंडर वर्ष में 1000 वनडे रन बनाने वाली पहली महिला बैटर

स्मृति मंधाना ने रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जैसे ही 17 रन पूरे किए, उन्होंने एक ऐसा कारनामा कर दिया जो आज तक कोई भी महिला क्रिकेटर नहीं कर पाई थी। यह कारनामा है एक कैलेंडर वर्ष में 1000 वनडे रन पूरा करने का। इससे पहले एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने वाली महिला बल्लेबाज का रिकॉर्ड बेलिंडा क्लार्क के नाम था। उन्होंने 1997 में 970 वनडे रन बनाए थे।

3/6

सबसे कम पारियों में महिला वनडे में 5000 रन

वह वनडे में सबसे तेजी से 5000 रन पूरी करने वाली महिला बल्लेबाज बन गई हैं। उन्होंने सिर्फ 112 पारियों में ये रिकॉर्ड हासिल किया। इस मामले में उन्होंने वेस्टइंडीज की ऑलराउंडर स्टेफनी टेलर को पीछे छोड़ा है। टेलर ने 129 पारियों में 5000 वनडे रन पूरे किए थे।

4/6

विराट कोहली तक को छोड़ा पीछे

स्मृति मंधाना महिला क्रिकेट में सबसे कम पारियों में 5 हजार वनडे रन पूरा करने वाली बल्लेबाज तो बनी हैं, उन्होंने इस मामले में विराट कोहली को भी पीछे छोड़ दिया है। पुरुष क्रिकेटरों में कोहली सबसे तेजी से 5 हजार वनडे रन पूरा करने वाले भारतीय हैं। उन्होंने 114 पारियों में यह कारनामा किया था। मंधाना ने उनसे 2 पारियां कम खेलकर ये कारनामा कर दिखाया है।

5/6

5000 रन क्लब में सबसे कम उम्र में एंट्री

स्मृति मंधाना महिला वनडे में 5 हजार रन बनाने वाली दुनिया की पांचवीं बल्लेबाज बनी हैं। उनके अलावा मिताली राज, सीएम एडवर्ड्स, एसडब्लू बेट्स और एसआर टेलर ही ये उपलब्धि हासिल की हैं। महिला क्रिकेटरों में सबसे ज्यादा वनडे रन का रिकॉर्ड भारत की मिताली राज के नाम है जिन्होंने 7805 रन बनाए हैं। स्मृति मंधाना ने सिर्फ 29 वर्ष की उम्र में 5000 वनडे रन का कारनामा किया है और ऐसा करने वाली वह दुनिया की सबसे कम उम्र की महिला बल्लेबाज हैं।

6/6

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आग उलगता है मंधाना का बल्ला

स्मृति मंधाना को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलना कुछ ज्यादा ही रास आता है। ये इस प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ वनडे में उनकी पिछली 5 पारियों के प्रदर्शन से साफ जाहिर होता है। स्मृति मंधाना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली 5 वनडे पारियों में 3 शतक और 2 अर्धशतक जड़े हैं। कंगारुओं के खिलाफ पिछली पांच पारियों में उनके स्कोर हैं- 80, 125, 117, 58 और 105 रन।