भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने के रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उन्होंने टूर्नामेंट के इतिहास में सात पचास प्लस पारियां खेलीं हैं। कोहली ने नौवें संस्करण में दो पचास प्लस स्कोर (पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 100, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 84) बनाए। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर को पछाड़ा, जिन्होंने कुल 6 बार यह कमाल किया।
कोहली चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन चुके हैं। उनके खाते में 18 मैचों में 747 रन हैं, जिसमें 74.70 का औसत है। उन्होंने पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 10 मैचों में 701 रन जुटाए। कोहली ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पांच मैचों में 218 रन जोड़े। वह ओवरऑल लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर क्रिस गेल (17 मैचों में 791 रन) हैं।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा आईसीसी वनडे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले प्लेयर बन गए। वह वनडे वर्ल्ड कप और चैंपियंस ट्रॉफी में कुल 69 छक्के मारे चुके हैं। उन्होंने क्रिस गेल को पछाड़ा। गेल ने आईसीसी वनडे टूर्नामेंट में 64 सिक्स उड़ाए। रोहित ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पांच मैचों में 6 सिक्स जड़े।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 362/6 का स्कोर बनाया। यह चैंपियंस ट्रॉफी इतिहास में किसी भी द्वारा खड़ा किया सबसे बड़ा स्कोर है। न्यूजीलैंड के बाद लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड हैं, जिन्होंने नौवें सीजन में क्रमश: 356/5 और 351/8 का स्कोर बनाया।
साउथ अफ्रीका के धाकड़ बल्लेबाज डेविड मिलर ने चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे तेज शतक जड़ने का कारनामा अंजाम दिया। उन्होंने लाहौर में सेमीफाइनल में 67 गेंदों में नाबाद 100 रन बनाए थे। मिलर ने वीरेंद्र सहवाग और जोश इंग्लिस का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। पूर्व भारतीय बल्लेबाज सहवाग ने 2002 जबकि ऑस्ट्रेलिया के इंग्लिस ने 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी में 77 गेंदों में शतक बनाया था।
अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जादरान चैंपियंस ट्रॉफी में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले प्लेयर बने। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में 146 गेंदों में 177 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 6 छक्का शामिल हैं। उनके बाद लिस्ट में इंग्लैंड के ओपनर बेन डकेट हैं, जिनके बल्ले से ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 143 गेंदों में 165 रन निकले।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में कुल 14 शतक लगे। यह चैंपियंस ट्रॉफी के एक संस्करण में सबसे अधिक शतक हैं। पिछला रिकॉर्ड 10 सेंचुरी का था, जो साल 2022 में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी में लगी थीं। इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट ने टूर्नामेंट का 11वां शतक लगाया था। न्यूजीलैंड के युवा ऑलराउंडर रचिन रविंद्र ने दो शतक मारे।