नवरात्रि के आठवें और नौवें दिन, यानी अष्टमी और नवमी तिथि पर कन्या पूजन किया जाता है। इसमें कन्याओं को हलवा, पूड़ी, काले चने और सब्जी का प्रसाद बनाकर खिलाया जाता है। सब्जी की बात करें तो ज्यादातर घरों में छोले की सब्जी ही बनती है। हालांकि पूजा का खाना सात्विक तरीके से बनाया जाता है, इसलिए छोलों में लहसुन-प्याज डालना वर्जित होता है। अब बिना प्याज लहसुन के इन्हें टेस्टी कैसे बनाए, ये थोड़ा चैलेंजिंग है। तो चलिए कुछ टिप्स जानते हैं, जिससे आपके छोले बहुत ही स्वादिष्ट बनेंगे।

छोले उबालने के लिए प्रेशर कुकर में डाल रही हैं, तो उस दौरान कुछ खड़े मसाले भी मिला लें। आप नमक, एक तेज पत्ता, एक बड़ी इलायची, 4-5लौंग, दालचीनी का टुकड़ा और 6-7काली मिर्च डाल सकती हैं। इससे छोले काफी फ्लेवरफुल बनते हैं।

छोलों को उबलाने के लिए रखने से पहले, उनमें चुटकी भर बेकिंग सोडा यानी मीठा सोडा मिला दें। इससे छोले अच्छी तरह फूलते हैं और जल्दी बन भी जाते हैं।

बिना प्याज-लहसुन की ग्रेवी बनाने के लिए तीन से चार टमाटर, अदरक और हरी मिर्च को पीस लें। आप अपने हिसाब से चीजें कम ज्यादा कर सकती हैं। ध्यान रहे आपको इस ग्रेवी में बिल्कुल भी पानी नहीं मिलना है, बिना पानी डालें ही इसे मिक्सर में पीसना है। (Image Credit: Pinterest)

एक पैन लें और तेल डालें। अब जीरा और हींग चटकाने के बाद, इसमें अपनी टमाटर वाली ग्रेवी एड कर दें। मसालों में आपको हल्दी, कश्मीरी लाल मिर्च, धनिया पाउडर, जीरा पाउडर, स्वादानुसार नमक और चुटकी भर काला नमक मिला लेना है। इन सभी को तब तक पकाएं, जब तक टमाटर का पानी सूख ना जाए और ग्रेवी तेल ना छोड़ने लगे। (Image Credit: Pinterest)

जब टमाटर की ग्रेवी अच्छे से पक जाए, तो उसमें जरा सी कसूरी मेथी जरूर एड करें। इससे छोलों की खुशबू बढ़ जाती है। इसके अलावा आप हल्का सा अमचूर पाउडर और एक चम्मच गरम मसाला भी डाल सकती हैं। छोलों का स्वाद दोगुना हो जाएगा।

ग्रेवी में डालकर छोले पकाने लगें तो लगभग 5 मिनट के बाद कुछ छोले मैश कर लें। छोले फोड़ने से ग्रेवी थिक हो जाती है, तो पूड़ी का साथ खूब टेस्टी लगती है।

एक बार आपके छोले अच्छे से पक जाएं, तो ऊपर से एक तड़का लगाएं। इसके लिए एक तड़का पैन या चमचे में घी गर्म करें। अब इसमें जीरा, अदरक के लच्छे और हरी मिर्च डालें। हरी मिर्च में आपको बीच से चीरा लगाकर डालना है। अब थोड़ी सी कश्मीरी लाल मिर्च भी डाल दें और इस तड़के को ऊपर से छोलों में डाल दें। अब हरा धनिया डालकर सर्व करें। (Image Credit: Pinterest)
