1/7सर्दियों में गरमा-गरम चाय की चुस्कियां भरने का मजा ही कुछ और है। ये मजा तब और भी दोगुना हो जाता है, जब चीनी वाली चाय की जगह गुड़ वाली चाय हो। गुड़ वाली चाय पीने में बहुत टेस्टी लगती है, साथ ही शरीर को गर्म भी बनाए रखती है। लेकिन गुड़ की चाय बनाने में सबसे बड़ी दिक्कत है कि ये फट जाती है। अगर आपके साथ भी अक्सर यही होता है, तो आज की टिप्स आपके लिए ही हैं। इन बातों का ध्यान रखते हुए चाय बनाएंगी, तो वो फटेगी भी नहीं और काफी टेस्टी भी बनेगी।

गुड़ वाली चाय बनाने के लिए पानी और दूध का माप सही रखें। अगर एक कप चाय बना रही हैं, तो एक कप पानी और एक कप दूध लें। इस माप से चाय एकदम परफेक्ट बनती है।

सबसे पहले एक पैन में पानी उबालें, फिर उसमें अदरक घिसकर या कूटकर मिला दें। आप चाहें तो खुशबू के लिए इलायची भी एड कर सकती हैं। अब स्वादानुसार गुड़ के टुकड़े मिलाएं और साथ ही चायपत्ती भी डाल दें।

पानी में गुड़, चायपत्ती और अदरक डालकर तुरंत दूध डालने की गलती ना करें। बल्कि इसे लगभग दो मिनट के लिए उबलने दें। जब सभी चीजें अच्छी तरह उबल जाएं, तभी इसमें दूध एड करें।

गुड़ की चाय बनाते हुए अक्सर लोग थी गलती करते हैं कि उसमें ठंडा दूध मिला देते हैं। इसी वजह से दूध मिलाते ही चाय फट जाती है। हमेशा ध्यान रहे आपको चाय में गर्म दूध ही मिलाना है, इससे एकदम परफेक्ट चाय बनकर तैयार होती है।

गुड़ वाली चाय बनाते हुए एक टिप और जो आपको फॉलो करनी है, वो है इसे ज्यादा देर तक ना उबालना। जैसे ही चाय में आप गर्म दूध मिलाएं, उसकी फ्लेम को मीडियम कर दें। अब बस एक उबाल आने तक पकाएं और गैस को तुरंत बंद दें। ज्यादा उबालने से चाय फट जाएगी।

गुड़ वाली चाय गरमा-गरम ही सर्व करें। बार-बार गर्म करने से इसका टेस्ट और टेक्सचर दोनों ही खराब हो जाते हैं। चाय में आप इलायची, लौंग या जो भी खड़े मसाले मिलाना चाहती हैं, वो एड कर सकती हैं। बस बनाते हुए इन ट्रिक्स को फॉलो जरूर करें।
