1/9रोज की सब्जियों में दो चीजें तो जरूर डलती हैं, टमाटर और प्याज। टमाटर डालने से ही ग्रेवी गाढ़ी होती है और उसमें हल्का सा खट्टापन एड होता है। टमाटर से ही सब्जी या दाल में अच्छा सा कलर भी आता है। लेकिन बिना सोचे समझे हर सब्जी में ही टमाटर डालना ठीक नहीं है। दरअसल कुछ ऐसी सब्जियां भी हैं, जिनमें टमाटर डालने से पूरा स्वाद और टेक्सचर बिगड़ सकता है। तो चलिए आज उन सब्जियों की लिस्ट जान लेते हैं, जिनमें टमाटर डालने से परहेज करना ही बेहतर है।

भिंडी की सब्जी में प्याज तो बहुत अच्छी लगती है, लेकिन इसमें टमाटर बिल्कुल भी नहीं डालना चाहिए। इससे भिंडी का लिसलिसापन बढ़ सकता है और स्वाद भी अजीब सा हो जाता है। सब्जी में हल्का खट्टापन चाहिए जो नींबू या अमचूर का इस्तेमाल करना बेहतर होता है।

करेले की सब्जी में भी टमाटर नहीं डाला जाता है। करेले की कड़वाहट के साथ टमाटर बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता है, जिससे पूरी सब्जी का टेस्ट खराब हो सकता है। करेले की सब्जी में खटास के लिए अमचूर पाउडर या नींबू का इस्तेमाल करना बेस्ट होता है।

अरबी की सब्जी में टमाटर डालना सही नहीं है। एक तो टमाटर डालने से अरबी की चिपचिपाहट बढ़ जाती है। सेहत के लिहाज से भी देखें तो अरबी वैसे भी पचाने में मुश्किल होती है। उसमें एसिडिक टमाटर मिलाने से गैस और एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है।

कटहल की सब्जी में भी टमाटर नहीं डाला जाता है। दरअसल टमाटर का खट्टापन कटहल के साथ बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता है। इसे डालने से आपकी पूरी मेहनत खराब हो सकती है। इसलिए सिर्फ प्याज, लहसुन और मसाले डालकर ही कटहल की सब्जी बनानी चाहिए।

कद्दू की सब्जी बनाते हुए टमाटर मिक्स नहीं करना चाहिए। कद्दू में हल्की मिठास होती है, जिसके साथ टमाटर की खटास बिल्कुल भी अच्छी नहीं लगती है। कद्दू को मीठी दाना, नमक और हल्दी के साथ पकाएं। इसकी सिंपल सब्जी ही टेस्टी लगती है।

आलू सेम की सब्जी बना रही हैं, तो उसमें भी टमाटर डालने की भूल ना करें। इससे आपकी सब्जी बेस्वाद हो जाएगी। हल्का जीरा, प्याज और बेसिक मसाले डालकर ये सब्जी टेस्टी बनती है।

आलू मेथी की सब्जी में टमाटर बिल्कुल भी अच्छा नहीं लगता है। इससे सब्जी गीली भी हो जाती है और स्वाद में बेकार भी लगती है। मेथी की सब्जी में हल्का खट्टापन चाहिए तो अमचूर पाउडर डाल सकती हैं, इससे टेस्ट अच्छा हो जाएगा।

हरी पत्तेदार सब्जियों के साग में भी टमाटर नहीं डाला जाता है। टमाटर की खटास साग के स्वाद को खराब कर सकती है। साग में सूखी लाल मिर्च, अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और प्याज का तड़का ही अच्छा लगता है।
