1/8छोले का नाम सुनते ही आपको छोले भटूरे या छोले चावल की याद जरूर आई होगी। छोले ना सिर्फ टेस्टी होते हैं, बल्कि खाने में हेल्दी भी होते हैं क्योंकि इनमें प्रोटीन अच्छी मात्रा में पाया जाता है। इनकी सब्जी के अलावा भी आप कई डिशेज बना सकती हैं, जो खाने में टेस्टी लगेंगी और हेल्दी भी होंगी। तो चलिए आज छोले से बनाने वाली कुछ मजेदार सी डिशेज के बारे में जानते हैं।

कुछ हल्का-फुल्का, टेस्टी और हेल्दी खाना है तो छोले की चाट बेस्ट ऑप्शन है। अगर आपके पास उबले हुए छोले हैं, तो ये फटाफट बन भी जाती है। बस छोले में कटी हुई प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, उबले हुए आलू, हरा धनिया, चाट मसाला, नींबू, नमक, मिर्च डालकर मिक्स कर लें। खूब चटपटी सी चाट बनकर तैयार होती है।

फटाफट से कुछ टेस्टी और हेल्दी बनाना है तो छोले का सैंडविच बना सकती हैं। उबले हुए छोले मैश कर लें, इसमें ग्रीक योगर्ट और मैश किया हुआ एवोकाडो मिक्स करें। इस मिक्स को ब्रेड पर स्प्रेड करें और टोस्ट कर लें। बनकर तैयार है छोले का सैंडविच।

छोले की टिक्की बहुत ही टेस्टी बनती है। इसके लिए उबले हुए छोले मैश कर लें, इनमें उबले हुए आलू फोड़कर डालें, कटी हुई प्याज, धनिया, नमक, हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, भुना हुआ जीरा पाउडर और धनिया पाउडर डालकर मिश्रण बना लें। इनकी टिक्कियां बनाकर तल लें। हरी चटनी के साथ इन्हें सर्व करें।

कुछ हेल्दी खाना है तो छोले की सलाद बना लें। इसके लिए 1 कप उबले हुए छोले, 1 कप ताजा पालक, आधा कप खीरा, आधा एवोकाडो, 1 चम्मच ऑलिव ऑयल और नींबू का रस मिक्स करें। बहुत ही हेल्दी और फिलिंग सलाद बनती है।

प्रोटीन रिच पराठे बनाने हैं तो छोले की फिलिंग वाले पराठे बनाएं। उबले हुए छोले मैश कर लें, उसमें कटी हुई प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, नमक, लाल मिर्च, चाट मसाला डालकर स्टफिंग बना लें। इससे पराठे बनाएं काफी टेस्टी और हेल्दी बनेंगे।

छोले चावल की जगह आप छोले पुलाव बना सकती हैं, ये बहुत ही टेस्टी लगते हैं। खड़े मसाले डालकर छोले उबाल लें, फिर एक पैन में प्याज, टमाटर, आलू और बेसिक मसाले डालकर छोले पकाएं और साथ में भिगोए हुए चावल डालें। बहुत ही टेस्टी पुलाव बनकर तैयार हो जाएंगे।

हम्मस एक प्रोटीन रिच डिप है जिसे आप ब्रेड या सैंडविच के साथ खा सकते हैं। इसे बनाने के लिए उबले हुए छोले, ऑलिव ऑयल, नींबू का रस, लहसुन, तिल और नमक डालकर पीस लें। आपकी क्रीमी प्रोटीन रिच डिप बनकर तैयार है।
