1/8आंवला सर्दियों में मिलने वाला एक सुपरफूड है, जिसके जितने फायदे गिनवाए जाएं उतने कम हैं। विटामिन सी, एंटीऑक्सीडेंट्स और इम्यूनिटी बूस्टिंग प्रॉपर्टीज से भरपूर ये सुपरफूड आपको अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए। इसका स्वाद काफी खट्टा होता है, जिस वजह से कई लोग इसे कच्चा खाना या जूस बनाकर पीना पसंद नहीं करते हैं। ऐसे में आप आंवले की कई टेस्टी डिशेज बनाकर तैयार कर सकती हैं। इससे आंवला खाना आसान भी हो जाएगा और सेहत को भरपूर फायदा भी हो जाएगा। आइए जानते हैं। (Image Credit: @deliciousbygarima, Pinterest)

आंवले की चटनी बहुत ही स्वादिष्ट बनती है। इसके लिए आंवले को बॉयल कर लें और उसे हरा धनिया, हरी मिर्च, अदरक, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, नींबू का रस, गुड़ और पानी डालकर पीस लें। रोटी हो या पराठे, सभी के साथ ये बहुत ही टेस्टी लगती है।

सर्दियों में आंवले की सब्जी खूब टेस्टी लगती है। आंवले उबाल कर रख लें, फिर इसे सब्जी की तरह मसालों में भून लें। बहुत ही मसालेदार सब्जी बनकर तैयार होती है।

आंवले से आप फटाफट रायता भी बना सकती हैं। इसके लिए आंवले कद्दूकस कर लें, फिर फेंटी हुई दही में इसे मिलाएं। साथ में काला नमक, भुना जीरा पाउडर, नमक, हरी मिर्च मिलाएं। अब तेल में राई और करी पत्ता एड करें और रायते में तड़का लगा दें।

एक कढ़ाही में तेल गर्म करें और राई, उड़द दाल और चना दाल चटका लें। अब करी पत्ता, हरी मिर्च और प्याज डालकर भून लें और कद्दूकस किया हुआ आंवला मिलाएं। हल्दी, नमक डालकर पके हुए चावल मिलाएं। अब हरा धनिया डालकर आंवला राइस सर्व करें।

इंस्टेंट आंवले का अचार बनाने के लिए आंवलों के बीज निकालकर धूप में सुखा लें। अब इन्हें हल्का बॉयल करें और दो घंटा धूप लगने दें। एक पैन में राई, जीरा, धनिया, मेथी, काली मिर्च, लाल मिर्च डालकर भून लें और फिर पाउडर बना लें। सरसों का तेल गर्म कर लें, उसमें हल्दी, लाल मिर्च और तैयार मसाले को मिलाएं। अब आंवले को डालकर ऊपर से नमक एड करें।

आंवले, अदरक और लहसुन को कद्दूकस कर लें। इसमें हरी मिर्च काट कर डाल दें। साथ में नमक, काली मिर्च पाउडर और अजवाइन मिलाएं। अब आटे की लोइयां बनाकर ये मिश्रण भर लें और पराठे सेंक लें। बहुत ही स्वादिष्ट पराठे बनकर तैयार होते हैं।

बच्चों को आंवला कैंडी खूब पसंद आती है। इसे बनाने के लिए आंवले को भाप में पका लें और पीसकर पेस्ट बना लें। अब पैन में आंवले का पेस्ट और मिश्री पाउडर डालकर भून लें। मिक्स होने के बाद इसमें घी, नमक और नींबू का रस मिलाकर पकाएं, जब तक ये तली ना छोड़ने लगे। इसे ठंडी होने पर काट लें और इसमें नमक और मिश्री पाउडर लगाकर कोट कर लें।
