सोने की कीमतें हर रोज नए रिकॉर्ड बना रही हैं और कई देशों के सेंट्रल बैंक भारी मात्रा में अपने गोल्ड रिजर्व बढ़ा रहे हैं। ऐसे में एक देश ऐसा भी है जिसके पास 2,437 टन सोने का भंडार तो है, मगर खुद उसकी जमीन में सोने की एक भी खान नहीं।
ये देश है फ्रांस, जो दुनिया का चौथा सबसे बड़ा गोल्ड रिजर्व रखने वाला देश है। अमेरिका, जर्मनी और इटली के बाद फ्रांस के पास सबसे ज्यादा सोना जमा है, लेकिन चौंकाने वाली बात ये है कि वह खुद सोने का उत्पादन नहीं करता। अब सवाल ये उठता है कि फ्रांस के पास इतना सोना आया कहां से?
फ्रांस ने औपनिवेशिक दौर में अल्जीरिया, ट्यूनिशिया, मोरक्को, सेनेगल, माली, बुर्किना फासो, बेनिन, गिनी, आइवरी कोस्ट और नाइजर जैसे कई अफ्रीकी देशों पर कब्जा किया था। इस दौरान फ्रांस ने इन देशों से न सिर्फ सोना बल्कि तमाम बेशकीमती खनिज और संसाधन निकाले। हालांकि बाद में ये देश आजाद हो गए, मगर फ्रांस से इनका आर्थिक नाता अब भी बना हुआ है।
दरअसल, एक समझौते के तहत इन देशों के सेंट्रल बैंक को अपनी विदेशी मुद्रा का एक बड़ा हिस्सा फ्रांस में जमा रखना होता है। यानी, आज भी फ्रांस की तिजोरी में इन पूर्व उपनिवेशों की दौलत जमा है।
अगर गोल्ड प्रोडक्शन की बात करें, तो चीन 2023 में 378.2 टन सोने के उत्पादन के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद रूस (321.8 टन), ऑस्ट्रेलिया (293.8 टन), कनाडा (191.9 टन), अमेरिका (166.7 टन), घाना (135.1 टन), इंडोनेशिया (132.5 टन), पेरू (128.8 टन), मैक्सिको (12.6 टन) और उज्बेकिस्तान (119.6 टन) का नंबर आता है।