खुद से पहले दूसरों की सोचते हैं इस मूलांक वाले लोग, जरूरतमंदों के लिए बनते हैं सहारा

अंक ज्योतिष में जन्मतिथि के अंकों से व्यक्ति के स्वभाव और व्यक्तित्व के बारे में जानने की कोशिश की जाती है। जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने की 9, 18 या 27 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 9 माना जाता है। इस मूलांक के स्वामी मंगल माने गए हैं।

Navaneet RathaurSep 11, 2026 04:27 pm IST
Follow us on Google News
1/9

मूलांक 9 के जातक

अंक ज्योतिष के अनुसार, मूलांक 9 के जातकों में साहस और आत्मविश्वास के साथ दूसरों के लिए कुछ करने की भावना भी मजबूत होती है। यही गुण इन्हें खास बनाता है। इस मूलांक के लोगों का व्यक्तित्व साधारण नहीं रहता है। जरूरत वाले के लिए ये सहारा बन जाते हैं।

2/9

दिल से होते हैं बेहद उदार

मूलांक 9 वाले लोगों के व्यक्तित्व में उदारता को खास जगह दी जाती है। किसी व्यक्ति को परेशानी में देखकर ये आसानी से उसकी स्थिति को नजरअंदाज नहीं कर पाते है। अपनी क्षमता के अनुसार, मदद करने की कोशिश करना इनका स्वभाव में होता है। यही वजह है कि परिवार और दोस्तों के बीच इन्हें भरोसेमंद व्यक्ति माना जाता है। जरूरत के समय इनसे मदद की उम्मीद करना लोगों को सहज लगता है और इनके व्यवहार में अपनापन भी दिखाई देता है।

3/9

मदद के बदले नहीं चाहते कुछ

किसी की मदद करने के पीछे इनका उद्देश्य हमेशा अपना फायदा देखना नहीं होता है। अंक ज्योतिष में माना जाता है कि मूलांक 9 वाले लोग सामने वाले की परेशानी कम होने पर ही संतुष्टि महसूस कर लेते हैं। इनके लिए सहायता केवल पैसों तक सीमित नहीं रहती है। कई बार ये अपना समय देते हैं, किसी की बात सुनते हैं या मुश्किल घड़ी में उसके साथ खड़े रहते हैं। अनजान व्यक्ति के लिए भी जरूरत महसूस होने पर ये लोग मदद का हाथ बढ़ा सकते हैं।

4/9

दान-पुण्य की तरफ रहता है झुकाव

मूलांक 9 के जातकों में सामाजिक काम और दान-पुण्य के प्रति रुचि देखने को मिलती है। किसी जरूरतमंद को भोजन कराना, गरीब की मदद करना या किसी सामाजिक काम में योगदान देना इन्हें अच्छा लगता है। हालांकि, हर व्यक्ति का व्यवहार उसकी परवरिश और परिस्थितियों से भी प्रभावित होता है। फिर भी अंक ज्योतिष में इस मूलांक को सेवा और उदारता की भावना से जोड़कर देखा जाता है।

5/9

गलत बात पर चुप नहीं रहते

दूसरों की मदद करने के साथ मूलांक 9 वाले लोग अपनी बात खुलकर रखने के लिए भी जाने जाते हैं। इन्हें कोई गलत व्यवहार या अन्याय दिखाई दे, तो विरोध करने का साहस जुटा लेते हैं। कई बार यही स्पष्टता इनके लिए परेशानी भी खड़ी कर सकती है, क्योंकि सामने वाला उनकी सीधी बात को कठोर समझ सकता है। इसके बावजूद अपने सिद्धांतों और करीबियों के मामले में ये आसानी से पीछे हटने वाले नहीं माने जाते हैं।

6/9

अपनों के लिए मजबूती से खड़ा रहना

रिश्तों में मूलांक 9 वाले लोगों की भूमिका अक्सर मजबूत सहारे जैसी होती है। परिवार या दोस्त किसी परेशानी से गुजर रहे हों तो ये उन्हें अकेला छोड़ना पसंद नहीं करते हैं। जरूरत पड़ने पर ये अपनी सुविधा छोड़कर भी साथ देने की कोशिश करते हैं। भावनात्मक परेशानी हो या कोई व्यावहारिक समस्या, अपनी तरफ से रास्ता निकालने की कोशिश करते हैं। इसी वजह से इनके करीबी लोग मुश्किल समय में सबसे पहले इन्हीं से संपर्क करना पसंद करते हैं।

7/9

दूसरों का दुख जल्दी समझ लेते हैं

इन लोगों के स्वभाव में दूसरों की परेशानी को महसूस करने की क्षमता मजबूत मानी जाती है। सामने वाला अपनी समस्या खुलकर ना भी बताए, फिर भी उसके व्यवहार में बदलाव देखकर ये बात समझने की कोशिश कर सकते हैं। यही संवेदनशीलता उन्हें अच्छा मित्र और भरोसेमंद साथी बनाती है। हालांकि, हर समय दूसरों की चिंता में लगे रहना इनके लिए भी थकाने वाला हो सकता है।

8/9

कई बार खुद को पीछे कर देते हैं

दूसरों के लिए हमेशा मौजूद रहने की आदत कभी-कभी मूलांक 9 वालों पर भारी भी पड़ सकती है। ये किसी करीबी की जरूरत को अपनी जरूरत से ऊपर रख देते हैं और अपनी परेशानी को टालते रहते हैं। लंबे समय तक ऐसा करने से मन और शरीर दोनों पर दबाव पड़ सकता है। इसलिए मदद करना अच्छी बात है, लेकिन हर जिम्मेदारी अपने ऊपर लेना जरूरी नहीं है। दूसरों का साथ देते हुए अपनी सीमाओं को पहचानना भी जरूरी है।

9/9

उदारता के साथ साहस से अलग पहचान

मूलांक 9 वाले लोगों को अंक ज्योतिष में मंगल से जोड़ा जाता है, इसलिए इनके भीतर साहस, ऊर्जा और आगे बढ़कर काम करने की प्रवृत्ति बताई जाती है। जब यही साहस दूसरों की मदद करने की भावना से जुड़ता है, तो व्यक्तित्व में एक अलग तरह की मजबूती दिखाई देती है। मूलांक 9 की पहचान उदारता, साहस और सहयोग की भावना से जोड़ी जाती है। डिस्क्लेमर: इस आलेख में दी गई जानकारियों के पूर्णतया सत्य एवं सटीक होने का हम दावा नहीं करते हैं। विस्तृत और अधिक जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

Hindi Newsफोटोपंचांग-पुराणखुद से पहले दूसरों की सोचते हैं इस मूलांक वाले लोग, जरूरतमंदों के लिए बनते हैं सहारा