केरल बाढ़
केरल में बाढ़ का कहर जारी है। शनिवार को बाढ़ से 22 अतिरिक्त लोगों की मौत हो गई, और इसके साथ ही नौ अगस्त से अबतक मरने वालों की संख्या बढ़कर करीब 350 से ज्यादा पहुंच गई है। सूबे के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के शब्दों में कहें तो 'बीते 100 वर्षों में केरल ने ऐसी तबाही नहीं देखी।' प्रधानमंत्री ने केरल के लिए केंद्र सरकार की तरफ से 500 करोड़ की सहायता राशि प्रदान की है। बता दें कि जून के पहले सप्ताह में भारत में मानसून की शुरुआत हुई थी। लेकिन केरल में भारी बारिश और बाढ़ के कारण मरने वालों की संख्या बीते 72 घंटों में तेज़ी से बढ़ी है। एक सरकारी अनुमान के मुताबिक़, बाढ़ के कारण क़रीब सवा तीन लाख लोगों को बेघर होना पड़ा है और ये लोग राज्य में बनाये गए 2000 से अधिक अस्थाई राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।