फोटो गैलरी

Hindi Newsभौतिकी में नोबेल

भौतिकी में नोबेल

कनाडा के लोगों के लिए यह गर्व का समय है, क्योंकि इस साल भौतिकी के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार ऑर्थर मैकडोनाल्ड को दिया गया है, जिन्होंने पुरस्कार देने वाली संस्था के मुताबिक एक बड़ी उपलब्धि यह अर्जित...

भौतिकी में नोबेल
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 07 Oct 2015 09:30 PM
ऐप पर पढ़ें

कनाडा के लोगों के लिए यह गर्व का समय है, क्योंकि इस साल भौतिकी के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार ऑर्थर मैकडोनाल्ड को दिया गया है, जिन्होंने पुरस्कार देने वाली संस्था के मुताबिक एक बड़ी उपलब्धि यह अर्जित की है कि इन्होंने 'पदार्थ की आंतरिक क्रियाओं को लेकर हमारी समझ बदल दी।' वास्तव में, यह एक ऐतिहासिक सफलता है कनाडा और मैकडोनाल्ड, दोनों के लिए।

मैकडोनाल्ड क्वीन्स यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर एमेरेटस हैं। कनाडा के वैज्ञानिक प्रतिष्ठान और शिक्षा-तंत्र को उन्होंने अपनी इस खोज से अनमोल ज्ञान प्रदान किया है। मंगलवार को पुरस्कार ग्रहण करते समय मैकडोनाल्ड की प्रतिक्रिया भी विशिष्ट रूप से कनाडाई शैली में रही। उन्होंने इसका श्रेय सबको दिया। मैकडोनाल्ड के साथ इस पुरस्कार के सह-विजेता रहे जापान के तकाकी काजिता।

दोनों ने न्यूट्रीनोस की विचित्र प्रकृति को परिभाषित किया है। यह एक बड़ी खोज इस अर्थ में भी है कि इससे प्रकृति के सबसे महीन और हाथ में न आने वाले कण की प्रकृति पर प्रकाश पड़ता है। सूरज में जो परमाणु क्रियाएं होती हैं, उनसे हर दिन असंख्य न्यूट्रीनोस निकलते हैं। लेकिन सूरज से निकलने वाले द्रव्यमान की गणना और उनमें से कितना पृथ्वी पर पहुंचता है, इसे लेकर वर्षों तक वैज्ञानिक उलझे रहे। बताया जाता है कि लगभग दो-तिहाई न्यूट्रीनोस गायब हो जाते हैं।

अलग-अलग काम करते हुए आर्थर मैकडोनाल्ड और तकाकी काजिता ने यह दर्शाया कि लापता न्यूट्रीनोस रास्ते में दरअसल 'अपनी पहचान' बदल लेते हैं और अलग कण में परिवर्तित हो जाते हैं। यह खुलासा ही बता देता है कि न्यूट्रीनोस में द्रव्यमान होता है। यह खोज अपने आप में क्रांतिकारी है, क्योंकि आम वैज्ञानिक दृष्टिकोण यही है कि ऐसे उप-अणु कणों में द्रव्यमान नहीं होता। इस नई खोज ने वैज्ञानिकों को उस कण के बारे में अपनी समझ पर पुनर्विचार करने के लिए बाध्य किया है, जिसे रॉयल स्वीडिश एकेडमी ने 'ब्रह्मांड का मूल कण' कहा है। अब एकेडमी के अनुसार, 'न्यूट्रीनोस-संग्रह और उनके गुणों को परखने के मामले में दुनिया भर में तेज कार्य हो रहे हैं।' पर यह कोई सरल प्रक्रिया नहीं है।  
टोरंटो स्टार, कनाडा

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें