फोटो गैलरी

Hindi Newsमेयर ने दी नगर निगम में तालाबंदी की चेतावनी

मेयर ने दी नगर निगम में तालाबंदी की चेतावनी

नवरात्र और मुहर्रम पर शहर में सीवर बहने और कूड़ा न उठने से नाराज महापौर रामगोपाल मोहले ने नगर निगम में तालाबंदी करने की चेतावनी दे दी है। बुधवार को निगम परिसर में अपने कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक...

मेयर ने दी नगर निगम में तालाबंदी की चेतावनी
लाइव हिन्दुस्तान टीमWed, 05 Oct 2016 06:10 PM
ऐप पर पढ़ें

नवरात्र और मुहर्रम पर शहर में सीवर बहने और कूड़ा न उठने से नाराज महापौर रामगोपाल मोहले ने नगर निगम में तालाबंदी करने की चेतावनी दे दी है। बुधवार को निगम परिसर में अपने कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने कहा कि अफसर जैसे चाह रहे हैं, वैसे निगम नहीं चलेगा। आप जनता के सेवक हैं और काम तो करना ही पड़ेगा। मेयर ने स्पष्ट कहा कि काम नहीं करने वालों को परिणाम के लिए भी तैयार रहना चाहिए। बैठक में मौजूद पार्षद इस बात पर खासा नाराज थे कि समय तय होने के बावजूद नगर आयुक्त इसमें नहीं आये।

पार्षदों की मंगलवार की चेतावनी के बाद महापौर के कहने पर नगर आयुक्त श्रीहरि प्रताप शाही ने बुधवार को सभी संबंधित विभाग के अफसरों की बैठक बुलाई थी। पार्षदों ने आरोप लगाया था कि शहर के कई स्थानों पर सीवर बह रहा है। कई बार कहने के बावजूद अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। स्थिति अब विस्फोटक हो रही है।

महापौर कार्यालय में हुई बैठक में नगर आयुक्त के अलावा कुछ विभागों के अफसर नहीं आये। इससे नाराजगी और बढ़ गयी थी। पार्षद धरना देने के लिए उठने लगे, तभी मेयर ने उन्हें समझाकर रोक लिया। पार्षदों ने तत्काल सदन की बैठक बुलाने और इसमें डीएम को निमंत्रित करने की मांग की। इसपर महापौर ने व्यवस्था दी कि अपर नगर आयुक्त बीके द्विवेदी से दशहरे से पहले अफसरों की बैठक बुलाकर समस्याएं सुलझाने की रणनीति बनाकर सूचित करने को कहा।

सफाई दूत बनाने पर भी नाराज

मेयर ने कहा कि नगर निगम इस कदर मनमानी पर उतर आया है कि बिना पार्षदों को विश्वास में लिये काम हो रहा है। हाल ही में 90 वार्डों में 900 सफाई दूत बनाए गये। इसमें पार्षदों की राय नहीं ली गयी। हाल यह रहा कि 900 में से सिर्फ 350 दूत ही उपस्थित रहे।

हाईकोर्ट गये नगर आयुक्त

नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि नगर आयुक्त को अचानक किसी केस से सिलसिले में इलाहाबाद हाईकोर्ट जाना पड़ा। इस वजह से वह बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। उन्हें हर बात की जानकारी दी जा रही है और उनके सुझाव भी लिये जा रहे हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें