जौनपुर जिले के चंदवक में प्रधान की गोली मारकर हत्या
थाना क्षेत्र के चिटकों बाजार में सब्जी खरीदकर घर जाते समय ग्राम प्रधान की गुरुवार की शाम साढ़े पांच बजे छह बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बेखौफ बदमाशों ने सब्जी विक्रेता को भी गोली मारी लेकिन वह...
थाना क्षेत्र के चिटकों बाजार में सब्जी खरीदकर घर जाते समय ग्राम प्रधान की गुरुवार की शाम साढ़े पांच बजे छह बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बेखौफ बदमाशों ने सब्जी विक्रेता को भी गोली मारी लेकिन वह लेट गया। गोली सब्जी खरीदने वाले युवक को लग गयी। उसे वाराणसी भेजा गया। घटना का कारण चुनावी रंजिश माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना मौके पर पहुंच गए थे।
चिटकों के 46 वर्षीय ग्राम प्रधान वीरेंद्र राजभर बाजार से सब्जी लेकर घर की ओर जा रहे थे। यूनियन बैंक के सामने रुककर किसी से बात करने लगे। उसी समय दो मोटर साइकिल पर सवार छह नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। तीन गोली लगने से ग्राम प्रधान मौके पर ही गिर पड़े। बदमाश ललकार रहे थे की जो सामने आये उसे मार दो।
पास में ही मौजदू सब्जी विक्रेता घटना को लेकर शोर मचाने लगा। जिसपर बदमाशों ने लक्ष्य कर उसपर गोली चला दी लेकिन वह जमीन पर लेट गया। वह तो बच गया लेकिन उसकी दुकान पर सब्जी लेने के लिए खड़े 33 वर्षीय शिव पूजन राम पुत्र हरिनंदन निवासी कछवन पिकौरा को गोली लग गयी। गोली लगते ही वह गिर पड़ा। बाजार में अफरा तफरी मच गयी। लोग इधर उधर भागने लगे। दुकाने बंद होने लगी। बदमाश आसानी से असलहा लहराते हुए फरार हो गए। परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। गांव वालों के सहयोग से दोनों को चंदवक निजी हास्पिटल लाया गया। यहां से स्वास्थ केन्द्र पर ले जाया गया। डाक्टर ने प्रधान को मृत घोषित कर दिया। शिव पूजन को वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
सूचना पर पहुंचे चन्दवक एसओ अनिल सिंह ने उपर के अधिकारियों को सूचना दी। एसपी सिटी कमलेश दीक्षित व सीओ केराकत राज कुमार पाण्डेय ने भी लोगों से पूछ ताछ की। चन्दवक थाने पर सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए। गिरफ्तारी की मांग करने लगे। प्रधान की पत्नी माधुरी देवी चीख-चीख कर थाना परिसर में कह रही थी की पूर्व प्रधान बार बार मारने की धमकी दे रहे थे। उसी ने मेरे पति को मरवाया है।