फोटो गैलरी

Hindi Newsलालकुआं में खंडूडी तो रामनगर में सतपाल का कांग्रेस पर हमला

लालकुआं में खंडूडी तो रामनगर में सतपाल का कांग्रेस पर हमला

पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भ्रष्टाचार में गले तक डूबी सरकार करार दिया है। सीएम हरीश रावत पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि रावत प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री...

लालकुआं में खंडूडी तो रामनगर में सतपाल का कांग्रेस पर हमला
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 03 Sep 2016 10:27 AM
ऐप पर पढ़ें

पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार को भ्रष्टाचार में गले तक डूबी सरकार करार दिया है। सीएम हरीश रावत पर सवाल खड़े करते हुए उन्होंने कहा कि रावत प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिनके स्टिंग की सीडी बनी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम कसने के लिए लोकायुक्त कानून बनाया था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस कानून को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया।

पूर्व सीएम और गढ़वाल सांसद खंडूड़ी शुक्रवार को लालकुआं में भाजपा की पर्दाफाश रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने भाजपा सरकार की अच्छी योजनाओं को बंद करने के अलावा कोई काम नहीं किया। हालत यह हो चुकी है कि प्रदेश सरकार के पास 108 एंबुलेंस चलाने को भी पैसा नहीं है। खंडूड़ी ने कहा कि पिछली सरकार ने युवाओं के रोजगार के लिए पारदर्शी व्यवस्था की थी, जिसे वर्तमान सरकार ने पूरी तरह खत्म कर दिया है। कहा कि जनता को कांग्रेस के सभी घोटालों की जानकारी है। कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा करने में यह सरकार पूरी तरह फेल साबित हुई। पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री बची सिंह रावत ने कहा कि वाजपेयी सरकार में जिस उद्देश्य से उत्तराखंड राज्य बनाया गया, आज वह अपनी दिशा से भटक गया है।

प्रदेश उपाध्यक्ष धन सिंह रावत ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों से परेशान कई कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल हुए हैं। भाजपा विधायक मदन कौशिक ने कहा कि प्रदेश में खनन की लूट मची है। आरोप लगाया कि लालकुआं में मंत्री और उनके करीबी अवैध खनन में लिप्त हैं। कौशिक ने कहा कि कुमाऊं में भाजपा की जीत की शुरुआत लालकुआं विधानसभा से होगी। देहरादून के रायपुर से पूर्व विधायक उमेश शर्मा काऊ ने कहा कि सरकार ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को निर्माण के ठेके देकर भ्रष्टाचार कर रही है। वहीं हल्द्वानी में पत्रकारों ने खंडूड़ी से पूछा कि क्या खंडूड़ी जरूरी हैं। सवाल सुनते ही खंडूड़ी जोश में आ गए। हंस कर बोले, मैं क्या जानूं, आप हाईकमान से पूछिए। मुझे जो जिम्मेदारी देंगे, मैं वो निभाऊंगा।

भाजपा की पर्दाफाश रैली में पूर्व विधायक अमृता रावत ने सीएम हरीश रावत पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पृथक राज्य बनने के 16 साल बाद भी देवभूमि की जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है। वहीं भाजपा नेता सतपाल महाराज ने कहा कि सीएम हरीश रावत के राज में प्रदेश में भ्रष्टाचार की शुरुआत हुई है। 

अमृता ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव जीत कर भाजपा भ्रष्टाचार को जड़ से उखाड़ फेंकेगी। शुक्रवार शाम चार बजे भाजपा की पर्दाफाश रैली का आगाज पूर्व सांसद और भाजपा नेता सतपाल महाराज और पूर्व विधायक अमृता रावत के नेतृत्व में हुआ। एमपी इंटर कॉलेज गेट से भाजपा की पर्दाफाश रैली कोसी रोड होते हुए मोहल्ला पैठपड़ाव स्थित रामलीला सभागार में खत्म हुई। जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद सतपाल महाराज ने कहा कि भाजपा तिरंगा और पर्दाफाश रैली के माध्यम से कांग्रेस के घोटालों को जनता तक पहुंचा रही है। कहा कि दोनों रैलियों को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है। 

हरीश रावत प्रदेश के पहले सीएम हैं, जो इतने आरोप लगने के बाद भी कुर्सी नहीं छोड़ रहे हैं। कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की शुरुआत हरीश रावत राज से हुई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें