फोटो गैलरी

Hindi Newsअशोक सिंघल के अस्थि कलश 28 को पहुंचेंगे हरिद्वार

अशोक सिंघल के अस्थि कलश 28 को पहुंचेंगे हरिद्वार

विहिप नेता अशोक सिंघल के अस्थि कलश 28 नवंबर की शाम कनखल संन्यास मार्ग स्थित पूर्णानंद आश्रम में लाए जाएंगे। जहां आमजन और संत समाज उन्हें श्रद्धांजलि देगा। श्रद्धांजलि समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए...

अशोक सिंघल के अस्थि कलश 28 को पहुंचेंगे हरिद्वार
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 22 Nov 2015 09:51 PM
ऐप पर पढ़ें

विहिप नेता अशोक सिंघल के अस्थि कलश 28 नवंबर की शाम कनखल संन्यास मार्ग स्थित पूर्णानंद आश्रम में लाए जाएंगे। जहां आमजन और संत समाज उन्हें श्रद्धांजलि देगा। श्रद्धांजलि समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए विहिप नेताओं ने रविवार को बैठक कर रणनीति तैयार की। 29 नवंबर को सुबह भजन कीर्तन, रामधुन के साथ 10 बजे से पुष्पांजलि श्रद्घांजलि का कार्यक्रम तय किया गया है। रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर मायापुर हरिद्वार में आयोजित बैठक में विहिप नेताओं ने इस मामले में मंथन किया। कार्यक्रम के लिए बजरंग दल के विभाग संयोजक अनुज वालिया और संघ के नगर संघ संचालक कुंवर रोहिताश को संयोजक मंडल में रखा गया है।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला संघ संचालक गंगाशरण मदद्गार ने कहा कि विहिप के संरक्षक अशोक सिंघल का तीर्थनगरी हरिद्वार से गहरा नाता रहा है। सर्वप्रथम वह 1951 में संघ के प्रचारक के नाते सहारनपुर जिला प्रचारक बनकर आए थे। उस समय हरिद्वार भी सहारनपुर का हिस्सा हुआ करता था। बताया कि सहारनपुर के जिला प्रचारक के दायित्व के दौरान उनका अधिकांश समय हरिद्वार और यहां के संतों के बीच गुजरा। 1984 में विहिप में जिम्मेदारी मिलने के बाद भी उनका केंद्र हरिद्वार ही रहा।

उन्होंने बताया कि हरिद्वार के महानिर्वाणी पंचायती निरंजनी अखाड़े में अशोक सिंघल का प्रारंभिक समय गुजरा। श्री रामजन्म भूमि आंदोलन के दौरान कार सेवा का मुख्य केंद्र हरिद्वार ही हुआ करता था। यहां पर ब्रह्म निवास उन दिनों विहिप की रणनीति का मुख्य गवाह था। सिंघल ने अपने पूरे जीवनकाल का अधिकतर समय मां गंगा और संतगणों के चरणों में ही व्यतीत किया। विहिप प्रांत संगठन मंत्री संजय कुमार ने बताया कि अशोक सिंघल का पूरा जीवन संघ प्रचारक का ही रहा। पूरे देश के सभी प्रांतों में, चार कुम्भ क्षेत्रों व चार स्थान विदेशों में कुल 51 स्थानों पर अस्थि कलश ले जाने का निर्णय लिया गया है।

बैठक में विहिप के प्रांतीय नेता वीरेंद्र कीर्तिपाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेश राठौड़, संघ के विभाग प्रचारक सुनील, डॉ. विजयपाल, अनिल अरोड़ा, प्रदीप कालरा, देवेंद्र मनवाल, डॉ. विनोद आर्य, बजरंग दल जिला संयोजक सौरभ चौहान, पंकज चौहान, वीरसैन मानव, ललित बजरंगी, नमामि गंगे के प्रांत संयोजक विमल कुमार, आशुतोष शर्मा, ओमप्रकाश जमदाग्नि, नितिन गौतम अमित कुमार आदि शामिल हुए।

यहां से गुजरेगी कलश यात्रा
कार्यक्रम संयोजक राकेश बजरंगी ने बताया कि 10 बजे से पुष्पांजलि कार्यक्रम के बाद 'श्रीराम जय राम, जय जय राम' के उद्घोष के साथ शंकराचार्य चौक, डामकोठी, तुलसी चौक, शिवमूर्ति, ललतारौपुल, पोस्ट आफिस, अपर रोड होते हुए अस्थि कलश यात्रा हरकी पैड़ी पहुंचेगी। यहां पर विद्वान पंडितों, तीर्थ पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार में सनातन परंपरा के अनुसार अशोक सिंघल की अस्थियां गंगाजी में विसर्जित की जाएंगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें