फोटो गैलरी

Hindi Newsसरकार ने काम शुरु कर दिए, सभी वादे करेंगे पूरे

सरकार ने काम शुरु कर दिए, सभी वादे करेंगे पूरे

हिन्दुस्तान की मुहिम आओ राजनीति करें के तहत चुनाव में वोटरों को जागरुक किया। चुनाव बाद अब राजनीति खत्म काम शुरु कार्यक्रम शुरु किया है। इसमें जनता द्वारा चुने गए विधायकों की जवाबदेही तय की जा रही है।...

सरकार ने काम शुरु कर दिए, सभी वादे करेंगे पूरे
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 15 Apr 2017 11:49 PM
ऐप पर पढ़ें

हिन्दुस्तान की मुहिम आओ राजनीति करें के तहत चुनाव में वोटरों को जागरुक किया। चुनाव बाद अब राजनीति खत्म काम शुरु कार्यक्रम शुरु किया है। इसमें जनता द्वारा चुने गए विधायकों की जवाबदेही तय की जा रही है। इसी मुहिम के पहले दिन सदर सीट से चुने गए विधायक महेश गुप्ता हिन्दुस्तान कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एक घंटे तक फोन पर जनता के सवालों के जवाब दिए। महेश गुप्ता ने कहा कि चुनाव के समय जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने का काम शुरु हो चुका है। जल्द ही योजनाएं परवान चढ़ती हुई दिखाई देंगी। सभी वादे पूर किए जाएंगे। सवाल-जवाब कुछ इस प्रकार से चले।

सफरनामा
महेश गुप्ता भाजपा से दूसरी बार सदर सीट से विधायक बने हैं। ये काफी पुराने संघ और भाजपा के कार्यकर्ता हैं। संघ से राजनीति की शुरुआत करने वाले सबसे पहले ये 1984 में भाजपा के मंडल अध्यक्ष बने, इसके बाद जिला मंत्री रहे, पंचायत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक, जिला उपाध्यक्ष रहे। 1996 में सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह के सामने सहसवान से एमएलए का चुनाव लड़े। वर्ष 2000 में भाजपा के जिलाध्यक्ष बने। लोकसभा संयोजक बने और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रहे। 2007 में सदर सीट से पहली बार विधायक बने। 2012 में सदर सीट से लड़े, लेकिन सपा के आबिद रजा से हार गए। अब 2017 में फिर विधायकी जीते।

यह बोले विधायक
जनता ने मेरे ऊपर भरोसा करके चुनाव जिताया है। चुनाव में किए गए वादे पूरा करने के लिए मैंने और भाजपा सरकार ने काम शुरु कर दिया है। जनता ने मेरे ऊपर जो विश्वास किया है, मैं उस पर खरा उतरने का प्रयास करुंगा। क्षेत्र में तमाम समस्याएं हैं। लंबे समय बाद भाजपा की सरकार आई है। थोड़ा वक्त लगेगा, लेकिन समूचे सिस्टम में सुधार दिखाई देगा। जनता के लिए मैं लगातार काम करुंगा। इस्लामियां इंटर कालेज के सामने सुबह शाम अपने आवास पर भी लोगों की शिकायतें सुनता हूं। 

समस्याएं सुनते ही विधायक जी एक्शन में
समस्याएं सुनने का समय पूरा होने से पहले ही सदर विधायक महेश गुप्ता एक्शन में आ गए। उन्होंने जनता की समस्या सुनने के बाद हिन्दुस्तान कार्यालय ही अफसरों को फोन करने शुरु कर दिए। उन्होंने पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ ही नगरपालिका अफसरों से भी बात की। साथ ही अफसरों को हिदायत दी, कि समस्याओं को निस्तारण के लिए तत्काल मौके पर पहुंचकर काम शुरु करें।

विधायक ने शहर की टूटी सड़कों के लिए जल्द ही नगरपालिका से बातकर काम शुरु कराने के लिए कहा। गेहूं खरीद के बदत्तर हालातों पर एसडीएम से कहा कि तहसील प्रशासन की टीम गेहूं क्रय केन्द्रों पर जाए और मौके का निरीक्षण करने के साथ ही किसानों से भी बात करें। क्षेत्र में लड़कियों की शिक्षा के लिए उन्होंने जल्द ही शिक्षा अधिकारियों से बात करने को कहा और लोगों से अपील की, यदि ऐसा कोई व्यक्ति हो, जोकि स्कूल के लिए अपनी जमीन देने को तैयार हो तो आसानी हो जाएगी। सट्टे की शिकायतों पर उन्होंने संबंधित थानों के एसओ और इंस्पेक्टर से बात कर सट्टा रुकवाने के लिए बात की।

ऑटो और अन्य प्राइवेट वाहनों से होने वाली अवैध वसूली के लिए विधायक ने अधिकारियों और नगरपालिका से तत्काल बात कर जानकारी मांगी। गांवों में विवाह स्थल की समस्या दूर करने के लिए उन्होंने बारातघर बनवाने के लिए भूमि तलाशने के लिए ग्रामीणों से अपील की और अधिकारियों को निर्देश दिए। निजी स्कूल की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों का हर हालत में पालन कराया जाएगा। वह स्कूल चाहे प्राइवेट हो या फिर सरकारी। सरकार जल्द ही स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए कानून लाने जा रही है।

सवाल- सरकार ने किसानों का गेहूं खरीदने के लिए क्रय केन्द्र खुलवाए हैं, लेकिन नामात्र को ही क्रय केन्द्र खुल रहे हैं। गेहूं बेचने के लिए किसान मारे-मारे घूम रहे हैं, इस पर कार्रवाई क्यों नहीं।-नसुरद्दीन सैफी-कुंवरगांव

जवाब: मेरी जानकारी में यह समस्या अभी आई है। विधायक ने इस समस्या के लिए तुरंत एसडीएम सदर को फोन कर क्रय केन्द्र का निरीक्षण करने के लिए कहा। किसानों  की सरकार को चिंता है। लापरवाही पर कार्रवाई होगी।

सवाल- वजीरगंज कस्बे में पुलिस की मिलीभगत से सट्टा लगा रहा है, कई बार पुलिस अधिकारियों से भी कह चुके हैं, लेकिन सट्टा बंद नहीं हुआ। क्या अब कार्रवाई होगी। राहुल-वजीरगंज

जवाब: यह चिंता का विषय है, कार्यक्रम के तुरंत बाद में एसओ वजीरगंज से बात करुंगा, सट्टा नहीं होना चाहिए और होगा भी नहीं। इस पर पुलिस कार्रवाई करेगी। मैं एसएसपी और थानेदार दोनों से बात करुंगा।

सवाल- जनता की सुरक्षा और सहूलियत के लिए लगाई गई डायल-100 रिश्वत में लिप्त हो गई है। आए दिन सड़क पर खड़े होकर वसूली करती है। अफसरों से शिकायत होने के बाद भी कार्रवाई नहीं होती है।-प्यारे मियां-बिनावर

जवाब: मेरे पास पहली बार डायल-100 की वसूली की शिकायत आई है। यदि ऐसा तो एसएसपी से बात कर जांच कराई जाएगी और कार्रवाई की जाएगी। पुलिस को अपनी पुरानी मानसिकता अब बदलनी पड़ेगी।

सवाल- मुख्यमंत्री के एंटी रोमियो स्कवायड ने शुरुवात में अच्छा काम किया। लेकिन अब कोई काम नहीं कर रहा है। सड़क पर तेज रफ्तार, चाइनीज लाइट और तेज हॉर्न वाली बाइकों पर कार्रवाई करें। गर्ल्स कालेजों के पास पुलिस गश्त बढ़ाई जाए।-जाकिरा मुशरत-सद्भावना फाउंडेशन बदायूं

जवाब: मुख्यमंत्री महिला सुरक्षा पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। इसलिए एंटी रोमियो स्कवायड का गठन किया गया। पुलिस अधिकारियों से बात कर जल्द ही इस तरह के बाइकर्स पर भी कार्रवाई की जाएगी।

सवाल- पुरानी सरकार के ब्लाक प्रमुख मेरी दुकान पर जबरन कब्जा करना चाहते हैं। मेरे दो भाईयों से वह दुकान लिखवा चुके हैं। अब मुझे भी धमका रहे हैं। पुलिस अधिकारी भी कोई सुनवाई नहीं करते हैं।-राजेन्द्र वाष्र्णेय-वजीरगंज

जवाब:इसके लिए मैं एसओ से कार्यक्रम के बाद बात करता हूं। आप आवास पर आकर मुझे पूरा मामला समझाया। मुख्यमंत्री भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलवाकर कार्रवाई कर रहे हैं।

सवाल- बिनावर में लड़कियों की उच्च शिक्षा के लिए बीस किलोमीटर की दूरी तक कोई डिग्री कालेज नहीं है। ऐसे में बेटियों को उच्च शिक्षा कैसे मिलेगी? हम आपको वोट देकर विधानसभा भेज चुके। अब आप हमारी समस्याओं का निराकरण कराइए।-जगदीश गुप्ता-गुप्ता

जवाब:जल्द ही सरकार स्कूल और कालेजों पर काम करेगी। बेटियों की शिक्षा के लिए डिग्री कालेज बनवाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन जमीन तलाशेगा। गांव के लोग भी जमीन देकर परोपकार का काम कर सकते हैं, बाकी काम सरकार कर देगी। 

सवाल- शहर में बिजली की अंडर ग्राउंड केबिल डालने के नाम पर गड्ढे खोदकर डाल दिए गए हैं। आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्कूली बच्चों के साथ ही दो पहिया वाहन चालक भी इन गड्ढों में गिरते रहते हैं। इनको भरवाने की जिम्मेदारी किसकी है।-सद्दाम हुसैन-कोषाध्यक्ष-जिला कैरम एसोसिएशन संघ

जवाब: मैं पावर कारोपेरेशन अधिकारियों के साथ ही बिजली की अंडर ग्राउंड केबलिंग का काम करने वाली कंपनी के अधिकारियों से भी बात करुंगा। जल्द ही गड्ढे भरवा दिए जाएंगे।

सवाल- गांव-देहात में स्वास्थ्य सेवा के नाम पर सरकार मोटा धन पानी की तरह बहा रही है। जबकि आलम यह है कि पीएचसी पर डाक्टर नहीं है और सीएचसी पर दवा नहीं है। ऐसी स्वास्थ्य सेवा का क्या लाभ? ।-टिंकू सिंह कुंवरगांव

जवाब: स्वास्थ्य सेवा पर मैं खुद ध्यान दे रहा हूं। इसके लिए सीएमओ से बात करेंगे। जरुरत पड़ी तो प्रमुख सचिव हैल्थ से भी बात की जाएगी। मुख्यमंत्री ने खुद सरकारी अस्पतालों के डाक्टरों से प्राइवेट प्रैक्टिस छोड़ने को कहा है।

सवाल- मुख्यमंत्री सड़कों की दशा सुधारने के लिए जोर दे रहे हैं, पर यहां शहर की ज्यादातर सड़कें उखड़ी पड़ी हैं। सड़कों पर गड्ढे और पत्थर के अलावा कुछ नजर नहीं आता है। शहर की सड़कें कब चमकेंगी।-सुप्रिया-सिविल लाइंस

जवाब:भाजपा से पहले शहर में विधायक और चेयरमैन दोनों सपा के थे। अब भाजपा की सरकार आई है, तो काम होंगे। शहर की सड़कों की बड़ी समस्या है। इसके लिए मैं नगरपालिका अधिकारियों से बात करुंगा। जल्द ही सड़कें दुरस्त कराई जाएंगी।

सवाल- गांव में सफाईकर्मी तैनात तो कर दिए गए। लेकिन सफाई करने के लिए आते नहीं हैं। ऐसे में गांवों में गंदगी के ढेर लग रहे हैं। हमने आपको वोट दो दे दिया अब सफाईकर्मी भिजवाइए।-संतवीर - गांव अर्सिस बर्घिन

जवाब:मैं अभी डीपीआरओ  और सीडीओ से बात करुंगा। यदि सफाईकर्मी गांव में जाकर सफाई नहीं कर रहा है तो यह लापरवाही है। सरकार सफाईकर्मी को वेतन दे रही है। कार्रवाई की जाएगी।

सवाल- रोड से शराब की दुकानें हटाकर आबादी में शिफ्ट करा दी गई। इससे तो समस्या और विकराल हो गई। अभी बड़े शराब पीते थे। जब मोहल्ले में ही मिलेगी तो बच्चे भी शराब पीएंगे। इस पर रोक लगवाइए। राजबाला-लौटनपुरा

जवाब:सरकार ने हाइवे की दुकान शिफ्ट कराई हैं। सरकार ने हाइवे से दुकानें हटाने के लिए कहा है न कि आबादी में खोलने के लिए। यह गंभीर समस्या है। इस पर विचार करेंगे और मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। अफसरों  और शराब व्यापारियों से भी इसको लेकर बात करेंगे।

सवाल- शहर में बाइकर्स गैंग का आतंक है। आए दिन ट्रेंड बदल-बदल कर लुटेरे लूट कर रहे हैं। कभी बेहोश कर, कभी स्नेचिंग, कभी चिली स्प्रे से इसको रुकवाइए। पुलिस भी लापरवाही करती है।-रजनी मिश्रा-सिविल लाइंस

जवाब:शहर में बाइकर्स पर नकेल कसने के लिए ही प्रदेश सरकार काम कर रही है। बाइकर्स और लुटेरों पर नकेल कसने के लिए मैं एसएसपी से बात करुंगा। सघन चेकिंग अभियान चलवाकर कार्रवाई कराएंगे।

सवाल- अतिक्रमण के चलते आए दिन लगने वाले जाम ने शहर की सूरत बिगाड़ दी है। दुकानों के आगे के अतिक्रमण से नाले चौक हो गए हैं। रोडवेज डिपो के बाहर आड़ी तिरछी खड़ी होने वाली बसें जाम लगाती हैं। इससे मुक्ति दिलवाओ।-जिया अंसारी-अध्यक्ष बदायूं यूथ संगठन

जवाब:सरकार बदलने के बाद पुलिस ने काम करना शुरु किया है। लाबेला चौक के साथ कई स्थानों पर डिवाइडर बनाकर वाहनों का आवागमन सुचारु किया है। डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई कराई है। पुलिस-प्रशासन के साथ व्यापारियों की बैठक कराएंगे। इसके बाद अतिक्रमण का निदान करेंगे।

सवाल- शहर के मीरासराय मोहल्ले में नगरपालिका की लापरवाही के चलते लोगों की जिंदगी नर्क हो गई है। गंदगी का अंबार है और जलभराव है। लेकिन देखने वाला कोई नहीं है। कई बार शिकायत कर चुके हैं।-डा. भूपेश कश्यप, राजेश, अंगूरी-मोहल्ला मीरासराय

जवाब:नगरपालिका अधिकारियों से इसके लिए बात करुंगा। डीएम से भी बात करेंगे। समस्या है तो निराकरण भी कराया जाएगा। मैं धीरे-धीरे शहरवासियों के लिए काम कर रहा हूं। सभी समस्याएं दूर होंगी।

सवाल- सरकार द्वारा चलाई जा रही रोडवेड की लोहिया बस सेवा दम तोड़ गई है। कुंवरगांव और दातागंज समेत देहात के कई सेंटरों पर रोडवेज की बस दिखाई नहीं देती है। रोडवेज अफसर यात्रियों की समस्या देखते नहीं हैं।-हितेन्द्र-कुंवरगांव

जवाब:लोहिया बस गांवों में न पहुंचने का मामला पहली बार मेरे संज्ञान में आया है। मैं इसके लिए रोडवेज अधिकारियों से बात करुंगा। जरुरत पड़ी तो मुख्यमंत्री के संज्ञान में इस समस्या को डालूंगा।

सवाल- बदायूं-शेखूपुर मार्ग इसकी हालत खस्ता है। लोग परेशान हैं, पांच साल सड़क नहीं बनी है। आने-जाने में बहुत परेशानी होती है। कोई देखने वाला नहीं है। आधा रास्ता शेखूपुर विधानसभा में है तो आधा सदर विधानसभा में- अजय माहेश्वरी-शेखूपुर 

जवाब:शेखूपुर के विधायक भी हमारे ही हैं। हम पीडब्ल्युडी अफसरों से इसके लिए बात करेंगे। जल्द ही सड़क बनवाने का प्रस्ताव भेजा जाएगा। जून से पहले सभी सड़कें सही कराने के मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं।

सवाल- अर्सिस बर्खिन से पोपट के लिए रास्ता जाता है, टिटौली से मई जाने वाला रास्ता भी खराब है। कई साल से टूटा है। ग्रामीणों को काफी परेशानी है। हमने वोट देकर सरकार बनवाई है आप हमारी सड़क बनवाओ।-नरदेव-अर्सिस बर्खिन 

जवाब: आपने समस्या मेरे संज्ञान में डालकर अच्छा किया है। मैं किसी दिन क्षेत्र में पहुंचकर खुद सड़क देखूंगा। आप धैर्य रखिए, सड़क बनवाई जाएगी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें