फोटो गैलरी

Hindi Newsतीसरी उम्मीदवार गायत्री देवी ने अपना नाम वापस लिया

तीसरी उम्मीदवार गायत्री देवी ने अपना नाम वापस लिया

जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए सपा और भाजपा समर्थित प्रत्याशियों में अब सीधी टक्कर होगी। एक अन्य प्रत्याशी गायत्री देवी ने सोमवार को अपना पर्चा वापस ले लिया। पर्चा वापसी के बाद गायत्री देवी सीधे...

तीसरी उम्मीदवार गायत्री देवी ने अपना नाम वापस लिया
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 04 Jan 2016 06:41 PM
ऐप पर पढ़ें

जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए सपा और भाजपा समर्थित प्रत्याशियों में अब सीधी टक्कर होगी। एक अन्य प्रत्याशी गायत्री देवी ने सोमवार को अपना पर्चा वापस ले लिया। पर्चा वापसी के बाद गायत्री देवी सीधे गुलाब बाग स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचीं और अपने निर्णय की जानकारी दी। कहा कि हमने भाजपा एवं अद के संयुक्त प्रत्याशी अमित सोनकर के समर्थन में पर्चा वापस लिया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान सात जनवरी को होगा। 48 सदस्यीय जिला पंचायत में अध्यक्ष बनने के लिए 25 मत अनिवार्य होगा। गायत्री देवी की नाम वापसी के बाद सपा समर्थित अपराजिता सोनकर एवं भाजपा समर्थित अमित सोनकर में मुकाबला रोचक हो गया है। दोनों दलों के बीच जोर आजमाईश अब तनातनी में बदलती दिख रही है। सोमवार को गुलाबबाग कार्यालय पर मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रत्याशी अमित सोनकर ने आरोप लगाया कि चुनाव में अपनी पराजय तय देख सपा अब पुलिस के बल पर चुनाव जीतने की कोशिशों में लग गई है। उन्होंने आपबीती सुनाई कि किस तरह कैंट इंस्पेक्टर ने शनिवार सुबह उन पर थाने आने का दबाव बनाया। कैंट इंस्पेक्टर ने एक दुर्घटना में अमित के वाहन के शामिल होने की आशंका जताते हुए थाने आने को कहा था। बाद में पार्टी के नेताओं एवं चंदौली के सांसद डॉ. महेन्द्रनाथ पाण्डेय के फोन करने पर इंस्पेक्टर वापस हुए।

थानेदार डाल रहे दबाव
प्रेसवार्ता में मौजूद भाजपा के जिलाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह रघुवंशी ने कहा कि सपा इलाकाई थानेदारों के जरिए भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्यों पर अपराजिता को वोट देने के लिए दबाव बना रही है। दो दिनों में चिरईगांव ब्लॉक से सदस्य बने फूलचंद राम, चोलापुर के अखिलेश सिंह, काशी विद्यापीठ के सुरेन्द्र पटेल और पिंडरा के जितेन्द्र चौहान पर मानसिक दबाव बनाया गया। उन्होंने चेताया कि यदि किसी भाजपा समर्थित सदस्य के साथ ज्यादती हुई तो भाजपा किसी भी सीमा तक विरोध करेगी। 

सपा के जिलाध्यक्ष ने आरोपों को नकारा
सपा जिलाध्यक्ष सतीश फौजी ने भाजपा और उसके प्रत्याशी के आरोपों को नकार दिया। कहा, हमें यह सब करने की जरूरत ही नहीं है क्योंकि सपा के समर्थन में 32 सदस्य आ चुके हैं। फौजी ने भाजपा से ही सवाल किया कि वह प्रत्याशी और उसे मिल रहे समर्थन के मामले में कहां खड़ी है, यह तो बताए। फौजी ने कहा कि इस तरह के आरोप कमजोर लोग लगाते हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें