फोटो गैलरी

Hindi Newsउत्तराखंड में त्रिवेंद्र यूपी पर आज ऐलान

उत्तराखंड में त्रिवेंद्र यूपी पर आज ऐलान

त्रिवेंद्र सिंह रावत उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें शुक्रवार को देहरादून में विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया। वहीं उत्तर प्रदेश में शनिवार को मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान...

उत्तराखंड में त्रिवेंद्र यूपी पर आज ऐलान
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 18 Mar 2017 07:28 AM
ऐप पर पढ़ें

त्रिवेंद्र सिंह रावत उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री होंगे। उन्हें शुक्रवार को देहरादून में विधायक दल की बैठक में नेता चुना गया। वहीं उत्तर प्रदेश में शनिवार को मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होगा। 

सर्वसम्मति से फैसला : डोईवाला सीट से तीसरी बार विधायक बने रावत को सर्वसम्मति से विधायक दल का नेता चुना गया। केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में रावत के नाम का प्रस्ताव सीएम पद की  दौड़ में शामिल प्रकाश पंत और सतपाल महाराज ने रखा। 

राज्य के नौवें सीएम: रावत राज्य के नौवें मुख्यमंत्री होंगे। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। 

राष्ट्रीय संयोजक : रावत नमामि गंगे समिति के राष्ट्रीय संयोजक भी हैं। उन्होंने वर्ष 1979 संघ में स्वयंसेवक के रूप में जिम्मा संभाला और 1981 में संघ प्रचारक बने। वर्ष 2002 में वे उत्तराखंड के पहले विधानसभा चुनाव में डोईवाला से विधायक निर्वाचित हुए थे। वर्ष 2007 में दूसरी बार चुने जाने पर मंत्री भी बने।

यूपी में अहम बैठक आज :  यूपी में मुख्यमंत्री के नाम पर शनिवार को फैसला होगा। लखनऊ के लोकभवन में शाम 4:30 बजे होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक में नेता का चुनाव होगा।

19 को शपथ ग्रहण:  नेता का चुनाव होने के बाद राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। 19 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में स्मृति उपवन में दोपहर 2:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। यूपी में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा का नाम सबसे आगे चल रहा है। प्रबल संभावना है कि वे प्रदेश के मुख्यमंत्री बन जाएं। वहीं भाजपा में भीतरखाने चर्चा यह भी है कि पार्टी किसी पिछड़े वर्ग के नेता को उप मुख्यमंत्री भी बना सकती है।  

चयन की मुख्य वजह 

नेतृत्व के भरोसेमंद: वर्ष 2013 में पार्टी ने रावत को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें यूपी का सह प्रभारी बनाया।

झारखंड में लोहा मनवाया : पार्टी ने झारखंड चुनाव से ठीक पहले प्रभारी बनाया। राजनैतिक कौशलता के दम पर राज्य में भाजपा की सरकार बनवाई। 

संघ की पसंद : त्रिवेंद्र सिंह रावत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की भी पसंद रहे हैं। 
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें