फोटो गैलरी

Hindi Newsसपा व कांग्रेस से रालोद-लोकदल में रौनक

सपा व कांग्रेस से रालोद-लोकदल में रौनक

प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस का गठजोड़ क्या हो गया राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) व लोकदल जैसे दलों की चांदी हो गई। इन दलों को चुनाव में न सिर्फ मजबूत प्रत्याशी मिल गए बल्कि उनके समर्थकों की बदौलत...

सपा व कांग्रेस से रालोद-लोकदल में रौनक
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 04 Mar 2017 10:52 PM
ऐप पर पढ़ें

प्रदेश विधानसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस का गठजोड़ क्या हो गया राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) व लोकदल जैसे दलों की चांदी हो गई। इन दलों को चुनाव में न सिर्फ मजबूत प्रत्याशी मिल गए बल्कि उनके समर्थकों की बदौलत पार्टी कार्यालयों में रौनक आ गई। रालोद व लोकदल ने चुनाव में हेलीकॉप्टर का भी जमकर उपयोग किया। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह की अगुवाई वाले रालोद का आमतौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में ही प्रभाव माना जाता रहा है, जबकि पूर्व एमएलसी सुनील सिंह की अध्यक्षता वाला लोकदल तो गुमनाम सी पार्टियों में गिना जाता रहा। 

इस बार विधानसभा चुनाव में ये दोनों दल न सिर्फ खूब चर्चा में आए बल्कि मजबूत प्रत्याशी मिल जाने से कुछ सीटों पर सीधी लड़ाई में भी आ गए हैं।  रालोद ने अपना विस्तार करते हुए इस बार पूर्वांचल व मध्य यूपी में भी बड़ी संख्या में प्रत्याशी उतारे हैं। नामांकन के आखिरी दिनों में रालोद के प्रदेश कार्यालय में सपा व भाजपा के कार्यालयों की तरह ही गहमागहमी रही। रोज किसी न किसी दल के दिग्गज नेता रालोद की सदस्यता ग्रहण करते रहे और टिकट लेकर अपने-अपने क्षेत्रों में जाते रहे। सपा की अंदरुनी कलह में मुलायम सिंह यादव के समर्थन में मोर्चा खोलकर लोकदल के अध्यक्ष सुनील सिंह भी खासी सुर्खियों में रहे। सपा के पूर्व विधायक राजेंद्र यादव भी लोकदल की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। 

सपा के बागियों को दिया बड़ा सहारा
कैबिनेट मंत्री रहे शारदा प्रताप शुक्ला लखनऊ के सरोजनीनगर से सपा से टिकट काटे जाने की भनक लगते ही बागी हो गए थे। उन्होंने रालोद के टिकट पर इस सीट से पर्चा दाखिल कर दिया। सपा विधायक चंद्रा रावत, भगवान शर्मा ‘गुड्डू पंडित’, मुकेश शर्मा व अशफाक अली खान को भी रालोद ने टिकट दिया। इसी तरह सपा के ही विधायक रामपाल यादव, आशीष यादव व रामवीर सिंह ने लोकदल का टिकट लेकर चुनावी मैदान में कूदे। 

छोटे दलों को भी मिले मजबूत प्रत्याशी 
पीस पार्टी व निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) को भी कुछ सीटों पर मजूबत प्रत्याशी मिल गए। विधायक डॉ. अय्यूब की अगुवाई वाली पीस पार्टी ने सपा के एक पूर्व विधायक सरवर अली और भाजपा की एक पूर्व विधायक राजलक्ष्मी वर्मा को टिकट दिया। इसी तरह निषाद पार्टी ने सपा विधायक विजय मिश्र और पूर्व सांसद धनंजय सिंह को टिकट दिया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें