फोटो गैलरी

Hindi Newsगठबंधन सरकार में तेजी से होगा जिले का विकास : अखिलेश

गठबंधन सरकार में तेजी से होगा जिले का विकास : अखिलेश

राबर्ट्सगंज में रविवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने पर सोनभद्र का तेजी से विकास किया जाएगा। उन्होंने पीएम मोदी और...

गठबंधन सरकार में तेजी से होगा जिले का विकास : अखिलेश
लाइव हिन्दुस्तान टीमSun, 05 Mar 2017 06:00 PM
ऐप पर पढ़ें

राबर्ट्सगंज में रविवार को चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार बनने पर सोनभद्र का तेजी से विकास किया जाएगा। उन्होंने पीएम मोदी और माया पर तंज कसे। अपनी सरकार में पांच साल में किए गए विकास कार्य गिनाए।

लगभग 45 मिनट के अपने भाषण की शुरुआत मुख्यमंत्री ने वाराणसी में शनिवार को किए गये रोड शो की चर्चा से की। कहा कि वाराणसी में समर्थन मिलने के बाद राबर्ट्सगंज में भी जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। यहां की भीड़ ऐतिहासिक है। दिल्ली वाले कहते हैं कि बिजली के तार में करंट नहीं आता। यहां उमड़े जनसमूह को देख कर निश्चित ही विरोधियों को हाईटेंशन शॉक लगेगा।

उन्होंने जनता से पूछा कि क्या आपके यहां प्रधानमंत्री जी आए। फिर कहा कि बगल वाले जिले में आकर चले गए। लेकिन, आपके यहां नहीं आए। इसलिए नहीं आए कि उन्होंने आपके लिए कुछ नहीं किया है। पूरे प्रदेश के लिए कुछ नहीं किया। अखिलेश ने कहा कि नोटबंदी कर भाजपा ने गरीबों, किसानों, मजदूरों को परेशान किया। गरीबों के पास काला धन नहीं होता। मोदी जी ने गरीबों को लाइन में खड़ा करने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री जी रेडियो पर लगातार मन की बात कर रहे हैं। अब तक कोई काम की बात नहीं की। हमने कहा, मोदी जी कब करोगे काम की बात। मोदी जी ने देश के साथ धोखा दिया। समय आने पर जनता धोखा देने वाले से हिसाब-किताब लेना जानती है।

अखिलेश यादव ने सपा सरकार के कार्यकाल में कराये गये कार्यों को गिनाते हुए कहा कि सपा ने 102 और 108 एंबुलेंस दिया है। जिले में चौड़ी सड़क बनवा दी है। बिजली की नई परियोजना शुरू करवा दी है। सिंचाई के लिए कनहर बांध बनवाने का काम शुरू करवा दिया है। गरीबों को लोहिया आवास दिया है। उन्होंने वादा किया कि गठबंधन की सरकार बनने पर जिले का विकास तेज होगा। यहां के शत प्रतिशत गरीबों को लोहिया आवास दिया जाएगा। सभी गरीब महिलाओं को समाजवादी पेंशन दिया जाएगा। पेंशन की धनराशि एक हजार की जाएगी।

उन्होंने मायावती पर तंज किया कि जब वह अपना भाषण पढ़ रही थीं तो कुर्सियों पर बैठी जनता सो रही थी। वह कह रही थीं कि स्मारक और मूर्ति नहीं बनाएंगे। विकास कार्य करेंगे। बताओ, कौन भरोसा करेगा उन पर। कहने को तो हमारी बुआ हैं, लेकिन रक्षाबंधन भाजपा के साथ मनाती हैं। अंत में कहा कि प्रदेश में गठबंधन सरकार बनने जा रही है। यह युवा नेताओं का गठबंधन है, जो प्रदेश व देश की राजनीति को आगे ले जाने का कार्य करेगा। कांग्रेस का हाथ साइकिल पर लग गया है इसलिए साइकिल की रफ्तार और तेज हो जाएगी। रफ्तार तेज करने के लिए गठबंधन किया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें