झारखंड में इसी माह बन जाएगी लक्ष्मण गिलुआ की टीम
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ पद ग्रहण कर चुके हैं। अब पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की कार्यसमिति विस्तार पर नजर टिकी हुई है। गिलुआ अपनी टीम का विस्तार इस महीने के अंत तक कर सकते...
भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ पद ग्रहण कर चुके हैं। अब पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की कार्यसमिति विस्तार पर नजर टिकी हुई है। गिलुआ अपनी टीम का विस्तार इस महीने के अंत तक कर सकते हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ‘हिन्दुस्तान के साथ खास बातचीत में इसका संकेत भी दिया है कि राष्ट्रीय परिषद् की बैठक के बाद कार्यसमिति की घोषणा की जाएगी।
23 से 25 तक केरल में बैठक
भाजपा राष्ट्रीय परिषद् की बैठक 23 से 25 सितबंर तक केरल में होगी। इसमें प्रदेश अध्यक्ष, लोकसभा व राज्यसभा के सांसद, कार्यसमिति सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, कोर कमेटी के सदस्य आदि शामिल होंगे। झारखंड से लगभग 35 लोगों की टीम जाएगी। प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा इस बैठक के बाद ही किए जाने की उम्मीद है।
ताला की कार्यसमिति से ली सीख
पूर्व अध्यक्ष ताला मरांडी की कार्यसमिति विस्तार के बाद उठे विवाद से नए अध्यक्ष ने सीख ली है। पार्टी में चर्चा है कि गिलुआ एक-एक कदम फूंक कर रख रहे हैं। कार्यसमिति की घोषणा से पहले हर पहलु को ध्यान में रख रहे हैं। चर्चा यह भी है कि जिस तरह ताला मरांडी ने सभी पुराने चेहरे बदल डाले थे, वैसा इस बार नहीं होगा। ताला मरांडी की टीम के आधे से अधिक लोग बाहर हो जाएंगे। पुराने, पार्टी के प्रति समर्पित और काम करने वाले कार्यकर्ताओं को जगह मिल सकेगी।