लिट्टीपाड़ा उपचुनाव: झामुमो गढ़ बचाने और भाजपा भेदने में जुटी
लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र झामुमो का गढ़ रहा है। पिछले चार दशक से झामुमो यहां से जीतता रहा है। भाजपा ने इस गढ़ को भेदने के लिए इस बार पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत पार्टी के सभी...
लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र झामुमो का गढ़ रहा है। पिछले चार दशक से झामुमो यहां से जीतता रहा है। भाजपा ने इस गढ़ को भेदने के लिए इस बार पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत पार्टी के सभी बड़े नेता संताल क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं। झामुमो भी गढ़ बचाने को जी-जान से जुटा है। झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरने अपनी पूरी टीम के साथ क्षेत्र में डटे हुए हैं। पार्टी प्रमुख शिबू सोरेन भी शुक्रवार से चुनाव प्रचार में उतरेंगे।
भाजपा ने बदली रणनीति
भाजपा द्वारा बड़ी सभा के की जगह घर-घर प्रचार और छोटी-छोटी सभाओं की रणनीति पर काम किया जा रहा है। सीएनटी-एसपीटी और स्थानीयता पर झामुमो के विरोध का जवाब दिया जा रहा है। पांच राज्यों के परिणाम से भाजपा नेता व कार्यकर्ता उत्साहित हैं। भाजपा के मंत्री, विधायक और प्रदेश पदाधिकारी लगातार वहां डेरा डाले हुए हैं। आदिवासी नेताओं को आगे कर सीएनटी-एसपीटी और स्थानीयता पर झामुमो के वार को काटा जा रहा है। झामुमो ने गढ़ होने के बाद भी पूरी ताकत झोंक दी है। झामुमो ने स्थानीयता और सीएनटी-एसपीटी को सबसे बड़ा हथियार बनाया है। सरकार के दो साल के कामकाज और आदिवासी के हित में काम नहीं करने का मामला उठा रहा है। हेमंत सोरेन पूरे प्रचार की कमान संभाले हुए हैं।
मुख्यमंत्री लौटेंगे, गुरुजी आज पहुंचेंगे
भाजपा प्रत्याशी हेमलाल मुर्मू के पक्ष में प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री रघुवर दास गत दो दिनों से संताल में डेरा डाले हुए हैं। शुक्रवार को भी क्षेत्र में कई कार्यक्रम है। वह शुक्रवार रात को रांची लौट रहे हैं। इस बीच गुरुवार को झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन गुरुवार को दुमका के लिए रवाना हो गए हैं। वह लिट्टीपाड़ा क्षेत्र में शुक्रवार से पार्टी प्रत्याशी साइमन मरांडी के पक्ष में प्रचार शुरू करेंगे।