बिदुपरु डबल मर्डर का आरोपित पटना के इंद्रपुरी से गिरफ्तार
डबल मर्डर के आरोपित प्रकाश कुमार उर्फ प्रकाश भगत को पुलिस ने शनिवार दोपहर पाटिलपुत्र थाने के इंद्रपुरी स्थित उसके बहनोई के घर से गिरफ्तार कर लिया। वैशाली के बिदुपुर थाने के वाजितपुर, गोविंदपुर में...
डबल मर्डर के आरोपित प्रकाश कुमार उर्फ प्रकाश भगत को पुलिस ने शनिवार दोपहर पाटिलपुत्र थाने के इंद्रपुरी स्थित उसके बहनोई के घर से गिरफ्तार कर लिया। वैशाली के बिदुपुर थाने के वाजितपुर, गोविंदपुर में हुए दोहरे हत्याकांड का आरोपित प्रकाश काफी समय से फरार था। आगे की कार्रवाई के लिए प्रकाश को बिदुपुर थाने की पुलिस को सौंप दिया गया है।
पाटलिपुत्र थानाध्यक्ष संजीव शेखर झा ने बताया कि 19 अक्टूबर, 2016 को कुतुबपुर पंचायत के पूर्व मुखिया सुरेंद्र भगत व वर्तमान मुखिया मोहन शाह के बीच चुनावी रंजिश को लेकर भिड़ंत हुई थी। इस पर सुरेंद्र भगत व उसके समर्थकों ने जमकर गोलीबारी की थी। इसमें गर्भवती संगीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि भैसुर अशोक भगत घायल हो गया था। दोनों वर्तमान मुखिया मोहन शाह के समर्थक थे। अशोक का इलाज प्राइवेट अस्पताल में चल रहा था, जहां उसकी भी मौत हो गई। इस बीच पुलिस ने पूर्व मुखिया की घर की कुर्की जब्ती भी कर ली थी। अशोक की मौत के अगले दिन ही पूर्व मुखिया सुरेंद्र भगत ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इस बीच पुलिस को पता चला कि प्रकाश झारखंड की एक लड़की को लेकर फरार है। लड़की के मोबाइल नंबर को सर्विलांस में रखकर पुलिस प्रकाश तक पहुंच गई।