फोटो गैलरी

Hindi Newsहमें किसी के पैसों की जरूरत नहीं: रणधीर कपूर

हमें किसी के पैसों की जरूरत नहीं: रणधीर कपूर

अभिनेता रणधीर कपूर ने कहा है कि उनके कपूर खानदान की साख जगजाहिर है और उन्हें किसी और के पैसों की जरूरत नहीं है। वरिष्ठ अभिनेता का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उनकी बेटी करिश्मा कपूर पर उनके पति संजय...

हमें किसी के पैसों की जरूरत नहीं: रणधीर कपूर
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 16 Jan 2016 10:51 PM
ऐप पर पढ़ें

अभिनेता रणधीर कपूर ने कहा है कि उनके कपूर खानदान की साख जगजाहिर है और उन्हें किसी और के पैसों की जरूरत नहीं है। वरिष्ठ अभिनेता का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उनकी बेटी करिश्मा कपूर पर उनके पति संजय कपूर ने पैसे के लिए शादी करने और बाद में धोखा देने का आरोप लगाया है। संजय के वकीलों की ओर से मुंबई के बांद्रा कोर्ट में शुक्रवार को तलाक की एक अर्जी दी गई जिसमें ये आरोप लगाए गए। 

आरोपों को नकारते हुए रणधीर ने 'हिन्दुस्तान टाइम्स' को बताया, हर कोई हमारी विश्वसनीयता से वाकिफ है। हम कपूर हैं। हमें किसी के पैसे के पीछे भागने की जरूरत नहीं है। हम न केवल पैसे से बल्कि प्रतिभा से भी संपन्न हैं, जो हमारी बाकी जिंदगी में हमें सहारा दे सकता है।

करिश्मा और संजय के बीच पिछले कई वर्षों से कानूनी विवाद चल रहा है। संजय दिल्ली के व्यवसायी हैं जिनकी करिश्मा से 2003 में शादी हुई थी। रणधीर ने कहा, संजय ठीक इनसान नहीं है। मैंने कभी नहीं चाहा कि करिश्मा उससे शादी करे। उसका आचरण ठीक नहीं है। उसने कभी अपनी पत्नी की परवाह नहीं की। वह अन्य महिला के साथ रह रहा है। पूरी दिल्ली जानती है कि वह कैसा है। रणधीर ने कहा, मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता।

इस बीच करिश्मा के वकील ने संजय की अर्जी में लगाए गए आरोपों से इनकार किया है और उन्हें गलत बताया है। वकील ने कहा कि जल्द ही इसका जवाब दिया जाएगा। करिश्मा और संजय के दो बच्चे हैं। करिश्मा 2011 में अपने दोनों बच्चों को लेकर दिल्ली से मुंबई वापस चली गई थीं।

संजय की ओर तलाक के लिए दी गई ताजा अर्जी में करिश्मा को 'पत्नी, बहू और मां के रूप में विफल' बताया गया है। उसमें पूर्व अभिनेत्री के विवाहेतर रिश्ते का दावा भी किया गया है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें