फोटो गैलरी

Hindi Newsचेतावनी: दिल्ली-एनसीआर में साल दर साल गर्म हो रहा दिसंबर

चेतावनी: दिल्ली-एनसीआर में साल दर साल गर्म हो रहा दिसंबर

दिल्ली-एनसीआर में दिसंबर साल दर साल गर्म होता जा रहा है। वर्ष 2013 में दिसंबर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री तक चला गया था। जबकि 2016 में यह 6.6 डिग्री से नीचे नहीं गया। 2015 में यह 5 डिग्री रहा...

चेतावनी: दिल्ली-एनसीआर में साल दर साल गर्म हो रहा दिसंबर
लाइव हिन्दुस्तान टीमTue, 03 Jan 2017 09:31 AM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली-एनसीआर में दिसंबर साल दर साल गर्म होता जा रहा है। वर्ष 2013 में दिसंबर में न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री तक चला गया था। जबकि 2016 में यह 6.6 डिग्री से नीचे नहीं गया। 2015 में यह 5 डिग्री रहा था।

क्या कारण

मौसम वैज्ञानिक महेश पलावत ने इस बारे में बताया कि इस साल दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ नहीं आए। साथ ही जम्मू-कश्मीर और हिमाचल की घाटियों में कम बर्फबारी हुई है। इसके चलते उत्तर और उत्तर पश्चिम से आने वाली हवाएं कम ठंडी रहीं। इसके अलावा लगातार पेड़-पौधों का कम होना और प्रदूषण के स्तर ने भी स्थिति बिगाड़ी है। 

पलावत ने बताया कि दुनिया भर में पिछले दो साल से एलनीनो का प्रभाव चल रहा है। दिसंबर में कम ठंडक का यह भी एक कारक है। बीते साल मांट्रियल, लंदन, स्विट्जरलैंड आदि में भी यह देखने को मिला था। पलावत कहते हैं कि 25 दिसंबर को शिमला में बर्फबारी हुई थी जिसका असर दिल्ली में सर्दी के तौर पर देखने को मिला था।

दिल्ली विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के प्रोफेसर आर. बी. सिंह का कहना है कि जलवायु परिवर्तन के असर ने ऋतुओं का चक्र बिगाड़ दिया है। वहीं 2016 के दिसंबर माह में बारिश भी नहीं हुई जबकि अमूमन इस माह में कुछ बार बारिश होती है। साथ ही दिल्ली के संक्रमण जोन (गर्म और ठंडे प्रदेशों के बीच) में होने की वजह से भी बदलाव अधिक हुआ है।
  
यूरोप में भी गर्मी बढ़ी : यूके मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार 2016 का दिसंबर सबसे अधिक  गर्म रहा है। रिपोर्ट में जलवायु परिवर्तन और मौसम को इसकी वजह बताया गया है। नासा की हालिया रिपोर्ट के अनुसार ग्लोबल वार्मिंग से पृथ्वी लगातार गर्म हो रही है।  पृथ्वी का तापमान औसतन एक डिग्री बढ़ रहा है।

चार साल से घट रही ठंडक
साल    अधि. ता.    न्यू. ता.    बारिश
2016    22    6.6    0
2015    22    5    0
2014    21.2    2.6    1
2013    22.6    2.3    2
(तापमान : डिग्री सेल्सियस,                    बारिश : माह में कितनी दफा)

सोमवार का तापमान 24.3 अधिकतम 9.3 न्यूनतम

आज भी गर्म रहेगा दिन

दिल्ली में मंगलवार गर्म दिन रहेगा। सुबह के समय आसमान में हल्के कोहरे की संभावना
25 अधिकतम 9 न्यूनतम

शुक्रवार से बदलाव संभव
शुक्रवार से मौसम में बदलाव की संभावना  है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 06 से 08 जनवरी के बीच दिल्ली में बारिश के आसार। न्यूनतम तापमान 5 डिग्री तक संभव।

औली में बर्फबारी, मसूरी में ओले

मौसम का मिजाज: उत्तराखंड के औली में सोमवार को अच्छी बर्फबारी हुई। वहीं, मसूरी में ओलावृष्टि हुई। औली में बर्फबारी के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक उमड़ पड़े हैं। सैलानी स्कींइग का मजा लेने में जुटे हैं। ज्यादातर होटल सैलानियों से भर चुके हैं।
 
औली आठ नंबर से ऊपर दो इंच तक बर्फ जमी हुई है। नए साल का जश्न मनाने यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच गए थे। वहीं मसूरी में रविवार रात को हुई बारिश के बाद से ठंड बढ़ गई है। वहीं सोमवार दोपहर को भी लाल टिब्बा और शहर में कुछ देर के लिए ओलावृष्टि हुई। इसके बाद शाम को फिर बादल छा गए। 

इससे लोग बर्फबारी होने की उम्मीद कर रहे हैं। उधर, नैनीताल में नए साल में वर्षा के साथ ओलावृष्टि का दौर  जारी रहा। सरोवर नगरी में सोमवार को सुबह से ही ओलों की बारिश शुरू हो गई। ओलावृष्टि से ठंड में इजाफा हो गया है। पारे में गिरावट के कारण नैनीताल के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओले जम गए हैं। उधर, मुनस्यारी और बागेश्वर के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फवारी हुई। 

शिमला पास हल्की बर्फबारी, पर्यटकों का जमावड़ा

शिमला के पास कुफरी और नरकंडा में पिछले 24 घंटों से हल्की बर्फबारी हो रही है, जिसके कारण यहां के टूरिस्ट रिजॉट्र्स में पर्यटकों का जमावड़ा लग रहा है। राजधानी शिमला में एक दिन पहले बादल छाए रहे और सोमवार सुबह धूप खिली रही। शिमला का न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।  

राजस्थान में उतार-चढ़ाव जारी 
राजस्थान में सर्दी में उतार चढ़ाव जारी है। प्रदेश में चितौडगढ़ 6.6 डिग्री तापमान के साथ सबसे सर्द शहर रहा। घने कोहरे की चपेट में आए उत्तर-भारत में असर रेल यातायात पर पड़ा है।
  
यूपी में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के इलाकों में सोमवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं और बूंदाबांदी होने की संभावना है। अगले कुछ दिनों में कोहरे का असर और बढ़ेगा।  

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें