फोटो गैलरी

Hindi Newsसपा सरकार ने हर वर्ग को धोखा दिया: कलराज मिश्रा

सपा सरकार ने हर वर्ग को धोखा दिया: कलराज मिश्रा

केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्रा ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। हर ओर लूट खसोट है। लूट की रकम पर चाचा और भतीजे में झगड़ा हो रहा है। मुख्यमंत्री युवाओं की बात तो करते हैं मगर उनके...

सपा सरकार ने हर वर्ग को धोखा दिया: कलराज मिश्रा
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 21 Nov 2016 11:34 PM
ऐप पर पढ़ें

केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्रा ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। हर ओर लूट खसोट है। लूट की रकम पर चाचा और भतीजे में झगड़ा हो रहा है। मुख्यमंत्री युवाओं की बात तो करते हैं मगर उनके रोजगार की चिंता नहीं है। सरकार ने युवा, किसान, महिलाएं, दलित और शोषित हर वर्ग के साथ धोखा किया है। जनता इसका बदला आने वाले चुनाव में लेगी।

वह सोमवार शाम को लाजपत नगर के रामलीला मैदान में परिवर्तन यात्रा के मौके पर आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे। 23 मिनट के भाषण के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता ने जमकर सपा सरकार को कोसा। साथ ही कार्यकर्ताओं को समझाया कि वे जनता के बीच जाकर बताएं कि कैसे केंद्र सरकार ने फसल बीमा योजना, 13वें वित्त आयोग की धनराशि और अनुदानित धन बढ़ा कर लोगों की मदद करनी चाहिए मगर प्रदेश सरकार ने इसे ठीक से बांटा नहीं। प्रदेश सरकार कैसे नौजवानों,  किसानों, महिलाओं और मजदूरों के साथ धोखा कर रही है। यहां विकास केवल अखबारों में हो रहा है। सरकार इसके लिए बड़े-बड़े विज्ञापन दे रही है।

मिश्रा ने बिसहाड़ा और बुलंदशहर गैंग रेप का जिक्र कर वोटरों को रिझाने के साथ ही कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। इससे पहले केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान और जनरल वीके सिंह ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए चुनावी की तैयारियों में जुटने को कहा। इस मौके पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा, सांसद राजेंद्र अग्रवाल, महापौर अशु वर्मा, पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर, पूर्व विधायक सुनील शर्मा, मयंक गोयल, अतुल गर्ग, अजीत सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। 

राम मंदिर राजनीतिक मुद्दा नहीं
केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्रा ने कहा है कि राम मंदिर मुद्दा राजनीतिक नहीं बल्कि राष्ट्रीय मुद्दा है। इसे हम सहमति से सुलझाएंगे । राम मंदिर हर हाल में बनेगा मगर सब की सहमति से बनेगा। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि कोर्ट के आदेश या फिर कानून बनाकर भी मंदिर बनाया जा सकता है। 

नोटबंदी के जिक्र पर कार्यकर्ताओं में आया जोश
दो मंत्रियों के मंच से बार-बार जोश भरने के बावजूद कार्यकर्ताओं में उतना उत्साह नहीं दिखा जितना कि कलराज मिश्रा के मुहं से निकले नोटबंदी के शब्दों ने भरा। नोटबंदी और प्रधानमंत्री का जिक्र आते ही भीड़ में बैठे कुछ युवा खड़े होकर मोदी-मोदी चिल्लाने लगे। मोदी जिंदाबाद के नारे भी लगे। 

नहीं भर पाईं सारी कुर्सियां
साहिबाबाद विधानसभा सीट को भाजपा बहुत महत्वपूर्ण मान रही है। अभी यहां से बसपा के विधायक हैं। यही कारण है कि शाम को रैली का स्थान इसी विधानसभा के लाजपत नगर में रखा गया मगर सभी कुर्सियां नहीं भर पाईं। 

नोटबंदी का भव्यता पर नहीं पड़ा असर
500 व 1000 के नोटों के बंद होने पर भले ही इन दिनों होने वाली शादियों की भव्यता में कमी आई है मगर भाजपा की रैली की भव्यता पर कोई असर नहीं पड़ा। रामलीला मैदान में सभी व्यवस्थाएं चाक चौबंद थीं। यात्रा के रैली स्थल पर पहुंचने पर काफी देर तक आतिशबाजी भी हुई।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें