फोटो गैलरी

Hindi Newsऑड-ईवन के फेर में धोखा नहीं देंगी DTC बसें

ऑड-ईवन के फेर में धोखा नहीं देंगी DTC बसें

दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने 15 से 30 अप्रैल के बीच प्रस्तावित ऑड-ईवन फार्मूला को सफल बनाने के लिए गुड़गांव से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों का ब्यौरा अभी से एकत्रित करना शुरू कर दिया है।...

ऑड-ईवन के फेर में धोखा नहीं देंगी DTC बसें
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 28 Mar 2016 06:40 PM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) ने 15 से 30 अप्रैल के बीच प्रस्तावित ऑड-ईवन फार्मूला को सफल बनाने के लिए गुड़गांव से दिल्ली के बीच सफर करने वाले यात्रियों का ब्यौरा अभी से एकत्रित करना शुरू कर दिया है। पिछली बार ऑड-ईवन के चलते गुड़गांव से दिल्ली जाने वाले कई रूटों पर यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इस बार यह हालात न बने, इसके लिए खासी तैयारियां की जा रही हैं।  

डीटीसी के गुड़गांव डिपो की ओर से सुबह छह से दो सुबह छह बजे से दोपहर ढाई बजे तक 99 डीटीसी बसों का संचालन होता है, जो कि कुल 168 फेरे लगाती हैं। उत्तम नगर, करोल बाग और बदरपुर के लिए प्रत्येक बस पहली शिफ्ट में दो चक्कर और आनंद विहार के लिए एक चक्कर लगाती है। इसी प्रकार, दोपहर ढाई बजे से रात दस बजे की दूसरी शिफ्ट में दोबारा से यह बसें 168 फेरे लगाती हैं। 01 जनवरी से 15 जनवरी के बीच चले ऑड-ईवन फार्मूला के दौरान इन बसों के अलावा गुड़गांव में डीटीसी की 75 बसें अतिरिक्त चलाई गई थी ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न आए। इसके बावजूद तालमेल बेहतर न होने के कारण कई रूटों पर जहां बसें खाली चली, वहीं कई रूटों पर बसों में भारी भीड़ रही। दिल्ली में 15 से 30 अप्रैल के बीच सम-विषम फार्मूला दोबारा लागू होने वाला है। ऐसे में स्थानीय डिपो ने भी पिछले अनुभवों से सबक लेकर समीक्षा रिपोर्ट बनानी शुरू दी है।

ऐसे हुई थी चूक
डीटीसी अधिकारियों ने बताया कि पिछली बार जिन रूटों से बसें आई थी, उन रूटों पर बसों की वापसी नहीं कराई गई। यही कारण रहा कि व्यवस्थाएं गड़बड़ा गई। मसलन शाहदरा से दस बसें आईं, लेकिन इनकी वापसी एम्स होते हुए कराई गई। करोल बाग से आने वाली 11 बसों की वापसी नोएडा कराई गई। नोएडा से जो 11 बसें आई थी, उनमें से आठ की वापसी धौलाकुआं हुई, जबकि महज तीन बसें नोएडा गई। नेहरू प्लेस से आई दस बसें वापसी में बदरपुर भेजी गई। नांगलोई से दस बसें आईं, जिनकी वापसी उत्तम नगर की गई। उत्तम नगर से इन बसों को वापस नांगलोई चला दिया गया। यही कारण रहा कि कुछ रूटों पर जहां यात्रियों को समय से बस नहीं मिली, वहीं कुछ रूटों पर बसें खाली चली। इस बार ऐसा न हो, इसके लिए सुझाव दिया गया है कि जिस रूट से बस आए, उसी रूट पर वापसी की जाए। यात्रियों का ब्यौरा एकत्रित करने का उद्देश्य व्यस्ततम रूटों और व्यस्ततम समय का आकलन करना है ताकि इनके हिसाब से बसों का संचालन सुनिश्चित किया जाए। एक सप्ताह में रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
---
महिलाओं के लिए आरक्षित होगी सीटें
सम-विषम फार्मूला से महिलाओं को छूट दी गई थी। अभी स्पष्ट नहीं कि महिलाओं को इस बार भी छूट मिलेगी या नहीं, लेकिन यह पक्का है कि इस बार डीटीसी की बसों में 50 फीसदी सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेगी। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि सोमवार से डीटीसी के सभी डिपुओं पर कॉन्ट्रेक्ट कैरिज की प्राइवेट बसों का रजिस्टे्रशन भी शुरू हो चुका है। इन बसों को छोटे रूटों पर लगाया जाएगा ताकि कनेक्टिविटी और बेहतर बनाई जा सके।

सम-विषम के दौरान किस रूट से कितनी अतिरिक्त बसें मिली
रूट             संख्या
शाहदरा        10
करोल बाग        11
रोहिणी        10
नोएडा        11
नंदनगरी        10
नेहरू प्लेस        10
नांगलोई        10

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें