फोटो गैलरी

Hindi NewsMCD चुनाव : आज शाम थमेगा प्रचार, रविवार को डाले जाएंगे वोट

MCD चुनाव : आज शाम थमेगा प्रचार, रविवार को डाले जाएंगे वोट

दिल्ली की 272 सीटों के लिए प्रचार का दौर शुक्रवार शाम थम जाएगा। प्रमुख राजनीतिक दल व निर्दलीय प्रत्याशी केवल घर - घर जाकर ही वोट मांग सकेंगे। चुनाव प्रचार के लिए प्रत्याशियों को दिए गए समय की सीमा...

MCD चुनाव : आज शाम थमेगा प्रचार, रविवार को डाले जाएंगे वोट
लाइव हिन्दुस्तान टीमFri, 21 Apr 2017 07:27 AM
ऐप पर पढ़ें

दिल्ली की 272 सीटों के लिए प्रचार का दौर शुक्रवार शाम थम जाएगा। प्रमुख राजनीतिक दल व निर्दलीय प्रत्याशी केवल घर - घर जाकर ही वोट मांग सकेंगे। चुनाव प्रचार के लिए प्रत्याशियों को दिए गए समय की सीमा शुक्रवार को शाम 5.50 बजे समाप्त हो जाएगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त एसके श्रीवास्तव ने गुरुवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इन चुनावों के लिए आयोग की तैयारियां पूर्ण हो गई है। मतदाताओं से अपील है कि वे बढ़चढ़ कर वोट दें।निगम चुनाव में करीब 1.32 करोड़ लोग वोट दे सकेंगे। मतदान सुबह 7 बजे शुरू होगा और शाम 5.30 तक चलेगा। आयोग के मुताबिक किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचाने के लिए आयोग को करीब 70 हजार से अधिक कर्मचारियों की आवश्यकता है। इस बार करीब 14000 मतदान केंद्रों पर मतदान की व्यवस्था होगी। जबकि अब से पूर्व हुए एमसीडी चुनावों में 11500 मतदान केंद्र बनाए गए थे।

MCD चुनाव: सर्वे में तीन प्रमुख दलों की टक्कर में बीजेपी आगे

ईपीआईसी नंबर से पता चलेगा मतदान केंद्र : आयोग मतदाताओं की सुविधा के लिए एक नया सिस्टम भी तैयार कर रहा है। इस सिस्टम पर कोई भी मतदाता अपना ईपीआईसी नंब डालेगा तो उसे यह पता चल जाएगा कि उसके मतदान के लिए कहां पर जाना है। मतदाता की सुविधा के लिए पहली बार यह व्यवस्था जारी की जा रही है। इसमें मतदाताओं को मतदान केंद्र व बूथ नंबर की जानकारी एसएमएस के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाता किसी भी अन्य जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एसईसी डॉट दिल्लीजीओवीटी डॉट एनआईसी डॉट इन पर जा सकते हैं।

विधानसभा और लोकसभा चुनावों में दिल्ली में कुछ जगहों पर मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे। ठीक उसी तर्ज पर निगम चुनाव में भी ऐसे पोलिंग स्टेशन दिखाई देंगे। उत्तरी और पूर्वीनिगम के प्रवक्ता योगेंद्र सिंह मान ने बताया कि 26 मतदान केंद्र नॉर्थ और 16 पूर्वीनिगम के विभिन्न इलाकों में बनाए जाएंगे। बाकी दक्षिणी निगम इलाकों में। इसके लिए दिल्ली राज्य चुनाव आयोग से आदेश उनके पास आया है।

दो साल में रुक गया दिल्ली का विकास : राजनाथ सिंह
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को किराड़ी में एक जनसभा में कहा कि दो वर्षो में दिल्ली का विकास रुक गया है। दिल्ली सरकार ने केवल इन वर्षो में अपना विकास किया है। केंद्र की योजनाओं को भी आम जनता तक पहुंचने नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि इस निगम चुनाव में जनता का पूरा समर्थन भाजपा को मिल रहा है।भाजपा नेतृत्व निगम सेवाओं को जनता तक पहुंचाने का काम करेगा।

रविवार को सुबह चार बजे से चलेगी मेट्रो
दिल्ली मेट्रो रविवार सुबह मतदान के दिन सुबह चार बजे से चलेगी। डीएमआरसी के अनुसार, मतदान अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 23 अप्रैल को सुबह चार बजे से सभी लाइनों पर मेट्रो का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। सामान्य दिनों में मेट्रो सुबह छह बजे से चलती है।

अंतिम समय में ऑनलाइन माध्यम से प्रचार में आप, स्वराज इंडिया, कांग्रेस और भाजपा की साइबर सेल जुट गईहैं।

रंजीत नगर के वार्ड नंबर 96 से कांग्रेस प्रत्याशी गौरव अरोड़ा ने व्हाट्सएप, फेसबुक, ट्विटर का सहारा लिया है।
पांडव नगर से निर्दलीय प्रत्याशी अजय कुमार जैन भी सक्रिय हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें