बाइक सवारों ने सप्लायर पर गोली चलाई, पैर तोड़ा
बाइक सवार तीन युवकों ने ग्रेटर फरीदाबाद के बीपीटीपी इलाके में बाइक सवार भवन निर्माण सामग्री सप्लायर पर हमला कर उसका पैर तोड़ दिया। वहीं जान से मारने की नीयत से उस पर गोली भी चलाईं, लेकिन वह गोली लगने...
बाइक सवार तीन युवकों ने ग्रेटर फरीदाबाद के बीपीटीपी इलाके में बाइक सवार भवन निर्माण सामग्री सप्लायर पर हमला कर उसका पैर तोड़ दिया। वहीं जान से मारने की नीयत से उस पर गोली भी चलाईं, लेकिन वह गोली लगने से बाल-बाल बच गया। भूपानी थाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, खेड़ी कलां गांव निवासी उमेश भवन निर्माण सामग्री की सप्लाई करता है। वह अपने गांव में जिम भी चलाता है। शनिवार को वह बाइक पर सवार होकर ग्रेटर फरीदाबाद जा रहा था। जब वह बीपीटीपी इलाके में जयपाल के खेतों के पास पहुंचा तो बाइक सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। उनके हाथों में डंडे और रॉड थीं। उन्होंने उसके हाथ-पैरों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जिससे उसका एक पैर टूट गया। जबकि दोनों हाथ और एक अन्य पैर भी लहुलूहान हो गया। उसके बाद हमलावरों ने उस पर गोली चलाई, लेकिन वह गोली लगने से बाल-बाल बच गया। जान से मारने की धमकी देकर हमलावर फरार हो गए।
घायल को उसके परिजनों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। हमला करने वालों में खेड़ी कलां गांव निवासी अशोक उर्फ मुंड और दो अन्य युवक शामिल थे। दोनों अज्ञात युवक खेड़ी कलां निवासी टेकचंद के घर पर रहते हैं। घायल के भाई राहुल ने बताया कि कुछ समय पहले अशोक उर्फ मुंड और उमेश के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। दोनों में समझौता भी हो गया था। इसी रंजिश में अशोक उर्फ मुंड ने यह हमला किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल आरोपी अपने घरों से फरार हैं।