फोटो गैलरी

Hindi Newsअफ्रीकियों पर हमला: 1200 लोगों पर केस दर्ज, पांच गिरफ्तार

अफ्रीकियों पर हमला: 1200 लोगों पर केस दर्ज, पांच गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा में स्थानीय छात्र की मौत के बाद नाइजीरियाई नागरिकों की पिटाई और बदसलूकी के मामले में मंगलवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक कांग्रेस नेता समेत 10 नामजद और 1200 अज्ञात लोगों के...

अफ्रीकियों पर हमला: 1200 लोगों पर केस दर्ज, पांच गिरफ्तार
एजेंसीWed, 29 Mar 2017 06:44 AM
ऐप पर पढ़ें

ग्रेटर नोएडा में स्थानीय छात्र की मौत के बाद नाइजीरियाई नागरिकों की पिटाई और बदसलूकी के मामले में मंगलवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। एक कांग्रेस नेता समेत 10 नामजद और 1200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

गुस्सा नहीं थम रहा: छात्र मनीष खारी की ड्रग की ओवरडोज से मौत के बाद नाइजीरियाई नागरिकों के प्रति लोगों का गुस्सा थम नहीं रहा है। मंगलवार को भी  कई जगह इन लोगों के साथ मारपीट के मामले सामने आए। इससे पहले सोमवार रात को अंसल प्लाजा मॉल में दो नाइजीरियाई युवकों पर हमला हुआ था। इन लोगों की गुस्साई भीड़ ने बुरी तरह पिटाई की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

सुरक्षा बढ़ाई गई: शहर के एसएसपी ने बताया कि जिन कॉलेजों और सोसायटी में नाइजीरियाई लोग रह रहे हैं, वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। किसी भी विदेशी नागरिक से मारपीट या अभद्रता करने वाले पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने विदेशी नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए क्षेत्र में फ्लैग मार्च भी किया।

नोएडा में अफ्रीकी छात्रों पर हमला मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद अफ्रीकी नागरिकों की सुरक्षा को लेकर व्याप्त चिंता के बीच विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने तुरंत कार्रवाई का वादा किया। हालात को जान पर खतरा बताते हुए कार्रवाई के लिए एक अफ्रीकी छात्र के संपर्क करने के बाद स्वराज ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। उनके मंत्रालय ने इन हमलों को निंदनीय बताया।

मादक्र द्रव्य की ज्यादा खुराक लेने के कारण पिछले सप्ताह 17 वर्षीय मनीष की मौत के बाद ग्रेटर नोएडा के निवासियों ने कल मोमबत्ती जुलूस निकाला और उस दौरान एक समूह ने चार नाइजीरियाई छात्रों पर हमला किया। कक्षा 12वीं के छात्र मनीष की मौत के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए कुछ नाइजीरियाई नागरिकों की पुलिस द्वारा सबूत के अभाव के कारण रिहाई के बाद विरोध मार्च निकाला गया।
 
घटना के बाद नाइजीरिया उच्चायोग के अधिकारियों ने घायल नागरिकों से मुलाकात की और कहा वे असुरक्षित महसूस करते हैं। उच्चायोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मिशन मुददे पर विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गोपाल बाग्ले ने कहा कि सरकार भारत में रहने वाले सभी विदेशियों की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है और छात्रों सहित अफ्रीका के लोग हमारे मूल्यवान सहयोगी हैं।
 
यह उल्लेख करते हुए कि जिले के कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने गिरफ्तारी की है और मामले की जांच कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि हालात पर नियंत्रण के लिए वे आवश्यक कदम उठा रहे हैं। बाग्ले ने बताया कि विदेश राज्य मंत्री एम जे अकबर ने नाइजीरिया के कार्यवाहक उच्चायुक्त से यहां नाइजीरियाई नागरिकों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय अधिकारियों द्वारा उठाए जा रहे कदमों पर चर्चा की।

इससे पहले, सिलसिलेवार ट्वीट में स्वराज ने कहा कि मैंने ग्रेटर नोएडा में अफ्रीकी छात्रों पर हमले के बारे में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथजी से बात की। उन्होंने आश्वस्त किया है कि इस दुभार्ग्यपूर्ण घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। स्वराज ने एक छात्र के टवी्ट पर जवाब दिया, जिसने उनसे त्वरित कार्रवाई का अनुरोध किया क्योंकि नोएडा में उन सब के लिए रहना जान के लिए खतरा बन गया है।

भड़का गुस्सा: छात्र की मौत पर नाइजीरियन को पीटा, लाठीचार्ज

ग्रेटर नोएडा की पुलिस अधीक्षक सुजाता सिंह ने कहा कि विरोध मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए और सड़क पर दिखने वाले अफ्रीकियों को पीटने लगे। उन्होंने कहा कि वे अंसल मॉल भी गए और हंगामा किया और वहां पर अफ्रीकियों की पिटाई कर दी। उन्होंने कहा कि पुलिस वहां पहुंची और उन्हें सुरक्षित जगह पर ले गई।

एडीजी (कानून एवं व्यवस्था) दलजीत चौधरी ने ग्रेटर नोएडा में कहा कि पुलिस ने हमला करने से रोकने के लिए बल प्रयोग किया और मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि सारी घटना की वीडियोग्राफी की गयी है और वहां उपद्रव करने की कोशिश करने वालों में कई की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि नौ लोगों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की गई है और उसके तहत कार्रवाई की जाएगी।

नोएडा हमला: नाइजीरियन छात्रों पर अटैक, सुषमा ने योगी से मांगी रिपोर्ट

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें