फोटो गैलरी

Hindi Newsक्राइम ब्रांच करेगा संदीप कुमार सीडी कांड की जांच

क्राइम ब्रांच करेगा संदीप कुमार सीडी कांड की जांच

आप के पूर्व मंत्री संदीप कुमार की अश्लील वीडियो की जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई। इस बात की पुष्टि संयुक्त आयुक्त रवींद्र यादव ने की है। इससे पहले सुबह भाजपा नेताओं ने गुरुवार को...

क्राइम ब्रांच करेगा संदीप कुमार सीडी कांड की जांच
लाइव हिन्दुस्तान टीमThu, 01 Sep 2016 10:39 PM
ऐप पर पढ़ें

आप के पूर्व मंत्री संदीप कुमार की अश्लील वीडियो की जांच दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा को सौंप दी गई। इस बात की पुष्टि संयुक्त आयुक्त रवींद्र यादव ने की है। इससे पहले सुबह भाजपा नेताओं ने गुरुवार को पुलिस आयुक्त से मिलकर पूरे मामले की शिकायत दी। उन्होंने संदीप कुमार के साथ ही मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के खिलाफ भी कार्यवाही करने की मांग की। उनका आरोप है कि पूरे मामले की जानकारी होते हुए भी इन दोनों नेताओं ने संदीप पर कोई कार्यवाही नहीं की। शिकायतकर्ताओं में सांसद प्रवेश वर्मा, पूर्व विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा, पूर्व मेयर रवीन्द्र कुमार सहित भाजपा के कई नेता शामिल थे।

पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया है कि बीते 23 अगस्त को कुछ न्यूज चैनल के पास पूर्व मंत्री संदीप कुमार की आपत्तिजनक सीडी भेजी गई। 9 मिनट के इस वीडियो में संदीप को दो महिलाओं के साथ आपत्तिजनक हालत में दिखाया गया है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि वह अपने पद का फायदा उठाकर महिलाओं से संबंध बनाते थे। वह जनता की सेवा करने की जगह महिलाओं का शोषण करने में जुटे हुए थे। वीडियो देखने से यह भी लगता है कि यह संदीप कुमार द्वारा ही तैयार किया गया है।

शिकायत में यह दाया किया गया है कि सीडी कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को अज्ञात चिट्ठी के साथ भेजी गई थी। 15 दिन पहले यह सीडी मिलने के बावजूद दोनों नेताओं ने महिलाओं के शोषण को लेकर कोई कार्यवाही नहीं की। इस तरह से कोई कार्यवाही नहीं करते हुए दोनों ने अपने पद का दुरुपयोग किया है। पुलिस ने फिलहाल इनकी शिकायत ले ली है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें