फोटो गैलरी

Hindi Newsतस्लीमा नसरीन की प्रवास अवधि खत्म

तस्लीमा नसरीन की प्रवास अवधि खत्म

निर्वासित बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन की भारत में रहने की अनुमति सोमवार को समाप्त हो गई। भारत सरकार द्वारा उनकी प्रवास अवधि को बढ़ाए जाने की संभावना है। गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया...

तस्लीमा नसरीन की प्रवास अवधि खत्म
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 17 Aug 2015 11:33 PM
ऐप पर पढ़ें

निर्वासित बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन की भारत में रहने की अनुमति सोमवार को समाप्त हो गई। भारत सरकार द्वारा उनकी प्रवास अवधि को बढ़ाए जाने की संभावना है।

गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लेखिका की प्रवास अवधि बढ़ाए जाने संबंधी अर्जी विचार की प्रक्रिया में है। यदि अवधि बढ़ाई जाती है तो उसे अवधि समाप्त होने की तिथि से आगे बढ़ाया जाएगा। हालांकि अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं किया गया है। बताया जाता है कि मंत्रालय कुछ सुरक्षा एजेंसियों की मंजूरी की प्रतीक्षा कर रहा है।

तसलीमा कट्टरपंथी समूहों की धमकी के चलते 1994 में बांग्लादेश से चुपचाप निकल आई थीं। उसके बाद से वह निर्वासित जीवन बिता रही हैं। कट्टरपंथी समूहों ने इस्लाम के खिलाफ कथित ईशनिंदा के चलते उन्हें धमकियां दी थीं। उन्हें भारत सरकार ने 2014 में एक साल का वीजा दिया था। उसके बाद से उन्हें अब तक भारत में रहने की अनुमति दी गई थी। तसलीमा स्वीडन की नागरिक हैं तथा 2004 से उन्हें निरंतर आधार पर वीजा दिया जा रहा है। वह फिलहाल दिल्ली में रह रही हैं।

ताजा घटनाक्रम पर तसलीमा ने कहा कि पिछले 11 सालों में ऐसा कभी नहीं हुआ। मेरे आवास परमिट की अवधि को इसके समाप्त होने से काफी पहले ही बढ़ा दिया जाता था। इस बार भी मैंने अवधि बढ़ाने के लिए कुछ माह पहले ही आवेदन कर दिया था। उन्होंने कहा, अपने पासपोर्ट के साथ मैं सोमवार को यहां विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय गई। मैंने अपने प्रवास परमिट के बारे में जानकारी मांगी। लेकिन मैं उस समय हैरत में पड़ गई जब मुझे बताया गया कि यह अभी तक नहीं हो पाया है। तसलीमा ने कहा, मैं अब चिंता में पड़ गई हूं। क्या मैं भारत में रह पाऊंगी जिसे मैं बांग्लादेश के बाद अपना दूसरा घर मानती हूं।

तसलीमा अब गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मिलने का समय मांगने की तैयारी कर रही है। उन्होंने तसलीमा से वादा किया था कि वह भारत में रहने के लिए अधिक समय वाला वीजा देंगे।

 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें