फोटो गैलरी

Hindi Newsभाजपा संगठन व सरकार में शीध्र होगा बदलाव

भाजपा संगठन व सरकार में शीध्र होगा बदलाव

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जल्दी ही पार्टी संगठन में जरूरी फेरबदल व नई नियुक्तियां कर सकते हैं। संगठन में प्रकोष्ठों के पुनर्गठन के साथ उनमें नई नियुक्तियां की जानी हैं, जबकि पदाधिकारियों के एक दर्जन से...

भाजपा संगठन व सरकार में शीध्र होगा बदलाव
लाइव हिन्दुस्तान टीमSat, 02 May 2015 08:39 PM
ऐप पर पढ़ें

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह जल्दी ही पार्टी संगठन में जरूरी फेरबदल व नई नियुक्तियां कर सकते हैं। संगठन में प्रकोष्ठों के पुनर्गठन के साथ उनमें नई नियुक्तियां की जानी हैं, जबकि पदाधिकारियों के एक दर्जन से ज्यादा पद भरे जाने हैं। संसद सत्र के बाद केंद्र सरकार में भी छोटे फेरबदल की संभावना है। माना जा रहा है कि दोनों काम आस-पास होंगे, ताकि संगठन व सरकार में कुछ लोगों को समन्वित किया जा सके। सत्र के बाद राज्यपाल के खाली पड़े पदों पर भी नियुक्तियां की जानी है, इनमें भी कुछ भाजपा नेताओं की तैनाती की जा सकती है।

संसद सत्र समाप्त होने के बाद केंद्र में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी सरकार व भाजपा संगठन में लगभग एक साथ फेरबदल होने की भी संभावना है। मोदी सरकार में अघोषित रूप से 75 साल से ज्यदा उम्र के मंत्री न होने का फार्मूला है। अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री नजमा हेपतुल्ला पिछले महीने इस आयु सीमा को पार कर गई हैं। उनका नाम पार्टी उपाध्यक्ष व राज्यपाल के लिए चर्चा में है। मोदी सरकार में भाजपा से दो-तीन मंत्री व शिवसेना के एक मंत्री को शामिल किए जाने की संभावना है। बिहार के विधानसभा चुनावों को देखते हुए वहां से ब्राह्मण समुदाय से एक मंत्री को शामिल किए जाने की भी चर्चा है।

शाह की टीम में आएंगे राज्यों के कुछ प्रमुख नेता

भाजपा संगठन में खाली पड़े पदों को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी पार्टी नेतृत्व को आगाह कर चुका है। कुछ पदाधिकारियों के पास काम का काफी बोझ है। शाह अपनी टीम में होने वाले बदलाव में सदस्यता अभियान में बेहतर काम करने वाले नेताओं को पदोन्नत भी कर सकते हैं। कैलाश विजयवर्गीय, अर्जुन मुंडा व आर अशोक जैसे राज्यों के प्रमुख नेता राष्ट्रीय संगठन में आ सकते हैं। सूत्रों के अनुसार नई नियुक्तियों में देरी की एक वजह संगठन में एक तिहाई महिलाओं का जगह देना है, जो संभव नहीं हो पा रहा है।

राज्यपाल के लिए बुजुर्ग नेताओं की चर्चा

राज्यपालों के भी तमाम पद खाली है और सरकार को उन पर भी जल्दी ही नई नियुक्तियां करनी हैं। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल बनाए जाने वाले संभावित नामों में भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा, नजमा हेपतुल्ला, यशवंत सिन्हा की चर्चा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें