योगी आदित्यनाथ ने शाहरुख की तुलना पाक आतंकी हाफिज सईद से की
भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने असहिष्णुता पर शाहरुख खान के दिए बयान और हाफिज सईद द्वारा उन्हें पाकिस्तान में रहने का न्यौता देने पर कड़ी प्रतिकिया दी है। योगी ने कहा कि शाहरुख...

भाजपा सांसद योगी आदित्यनाथ ने असहिष्णुता पर शाहरुख खान के दिए बयान और हाफिज सईद द्वारा उन्हें पाकिस्तान में रहने का न्यौता देने पर कड़ी प्रतिकिया दी है। योगी ने कहा कि शाहरुख और हाफिज की भाषा एक जैसी है।
उन्होंने कहा कि सेकुलरिज्म के नाम पर देश के अंदर वामपंथी विचारधारा के कुछ कथित लेखकों और कलाकारों ने भाजपा नहीं बल्कि भारत विरोधी स्वर में बोलना शुरू कर दिया है। दुर्भाग्य से उस स्वर के साथ शाहरुख खान जैसे लोगों ने भी स्वर मिला दिया है। यह पहली बार नहीं हो रहा है। इसके पहले भी इस प्रकार की हरकतें हुई हैं। उन्हें याद रखना चाहिए कि इस देश का बहुसंख्यक समाज यदि उनकी फिल्मों का बहिष्कार कर देगा तो उनकी फिल्में किसी कीमत पर नहीं चलेंगी। मुददों और तथ्यों पर बात होनी चाहिए।
योगी ने कहा कि भारत की छवि को खराब करने की अंतरराष्ट्रीय साजिश हो रही है। दुनिया के सबसे सहिष्णु हिन्दू समाज को बदनाम करने वालों की सामूहिक निंदा होनी चाहिए। हाफिज सईद के शाहरुख और ऐसे अन्य लोगों को जो भारत में असुरक्षित महसूस कर रहे हैं उन्हें पाकिस्तान आने के निमंत्रण पर योगी ने कहा कि वे लोग बखूबी जा सकते हैं। इसका स्वागत करेंगे। उन्होंने कहा कि कम से कम भारत को बदनाम करने वाले लोग वास्तविकता और हकीकत को भी समझेंगे।
दरअसल शाहरुख ने अपने जन्मदिन के अवसर पर कहा था कि देश में घोर असहिष्णुता है। उनके इसी बयान से भड़के गोरखपुर के सांसद योगी आदित्यनाथ ने कहा, 'फिल्म अभिनेता शाहरुख खान को याद रखना चाहिए कि अगर इस देश में रहने वाले एक बड़ा तपका अगर उनकी फिल्मों का बहिष्कार कर देगा तो वो भी एक आम मुस्लिम की तरह गलियों में घूमते नजर आएंगे'।
क्या कहा था शाहरुख खान ने
बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान ने अपने जन्मदिन पर एक इंटरव्यू में कहा था कि देश में बढ़ती असहिष्णुता और फिल्मकारों, वैज्ञानिकों एवं लेखकों द्वारा पुरस्कार लौटाए जाना यह दिखाता है कि देश में ‘घोर असहिष्णुता’ है। उन्होंने कहा था कि अगर वह चाहें तो वह भी अपने पुरस्कार लौटा सकते हैं, लेकिन उन्हें ऐसा करने की जरूरत नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


