सैफुल्लाह एनकाउंटरः यूपी पुलिस की बयानबाजी से केंद्र सरकार नाखुश

केंद्र सरकार आतंकी सैफुल्ला के मामले में यूपी पुलिस की बयानबाजी से नाखुश है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लखनऊ में मुठभेड़ के बीच में ही यूपी पुलिस द्वारा आईएस का नाम लेकर की गई...

सैफुल्लाह एनकाउंटरः यूपी पुलिस की बयानबाजी से केंद्र सरकार नाखुश

केंद्र सरकार आतंकी सैफुल्ला के मामले में यूपी पुलिस की बयानबाजी से नाखुश है। सूत्रों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लखनऊ में मुठभेड़ के बीच में ही यूपी पुलिस द्वारा आईएस का नाम लेकर की गई बयानबाजी को ठीक नहीं माना है। मंत्रालय का मानना है कि आईएस का मामला बेहद गंभीर है और पूरी जांच के बाद ही कुछ कहना चाहिए।

मंत्रालय से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आतंकी सैफुल्ला आईएस के संपर्क में था या नहीं इस मामले में जांच के आधार पर ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है। हालांकि, सैफुल्ला आतंकी गतिविधियों में शामिल था, इस पर संदेह नहीं किया जा सकता।

गृहमंत्रालय ने देशभर में आतंक के नए खतरे को पनपने से रोकने के लिए केंद्रीय तथा राज्यों की एजेंसियों को तय मानक प्रक्रिया (एसओपी) का पालन कर त्वरित कार्रवाई करने को कहा है। सुरक्षा एजेंसियों को कहा गया है कि वे खुफिया सूचनाओं का बारीकी से विश्लेषण करके आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए साझा एक्शन प्लान पर काम करें।

एनआईए जांच पर विचार
गृहमंत्रालय ने मध्य प्रदेश और यूपी की घटना के बाद देशभर में एजेंसियों को अलर्ट किया है। लखनऊ व मध्य प्रदेश की घटना की जांच एनआईए को सौंपने पर भी विचार हो रहा है, जिससे साजिश का सही पता लगाया जा सके।  लखनऊ में एनआईए की एक टीम पहले से मौजूद है। उत्तर प्रदेश सरकार से एफआईआर की कापी मिलने के बाद जांच पर केंद्र सरकार फैसला करेगी।

स्लीपर सेल बनाने की योजना
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि अभी भारत में जो भी लोग पकड़े गए हैं उनके इरादे खतरनाक हैं। लेकिन भारत में आईएस का कोई संगठित ढांचा नहीं होने से कई संदिग्धों को पेशेवर प्रशिक्षण भी नहीं मिला है। इनकी योजना अलग-अलग राज्यों में स्लीपर सेल तैयार करने की है। ज्यादातर संदिग्ध इंटरनेट-सोशल मीडिया के जरिये आईएस के लिए भर्ती करने वालों के संपर्क में आए हैं। इनके प्रेरक सीरिया, दुबई या पाकिस्तान में मौजूद हैं।

बाहर से निर्देश मिलने की संभावना
दिल्ली के पूर्व पुलिस आयुक्त अजयराज शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आतंकियों की एक नई फौज आईएस के नाम पर खड़ा करने की कोशिश हो रही है। अभी ये तैयारी की प्रक्रिया में हैं। इनका मकसद स्लीपर सेल तैयार करने का है। संभव है कि कहीं बाहर से इन्हें निर्देश मिल रहा हो। सुरक्षा बलों को घटना होने के बाद एक्शन में आने के बजाय पहले सक्रिय होकर नेटवर्क का भांडा फोड़ना होगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।